सूरजपुर,09 सितम्बर 2023 (घटती-घटना)। जिन पर कृपा राम करें व पत्थर भी तर जाते हैं। यह कहावत आज उस समय चरितार्थ हो गई जब एक व्यक्ति नदी में नहाने गया तब उसे राम लिखा एक वजनी पत्थर पानी में तैरता हुआ मिला। नदी के पानी में तैरता हुआ पत्थर मिलने से क्षेत्र में कौतूहल का विषय बन गया है और लोग अब उस पत्थर की विधिवत पूजा अर्चना शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सूरजपुर लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत राजापुर के लकरापारा में ग्रामीणों द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापित कर विधिवत पूजा अर्चना कर रहे थे। इसी दरम्यान शुक्रवार की सुबह गांव का ही 40 वर्षीय मनीलाल राजवाड़े जन्माष्टमी उपवास उपरांत घुनघुट्टा नदी में नहाने गया था। तभी छार घाट के पास नदी के पानी में एक पत्थर को तैरते हुए चट्टानघाट की ओर बहते देख ग्रामीण ने उक्त पत्थर को पकड़ लिया। ग्रामीण मनी लाल राजवाड़े ने बताया कि जब उसने पत्थर को देखा तो उसमें एक तरफ राम लिखा हुआ था। ग्रामीण उक्त करीब 3-4 किलो वजनी पत्थर को अपने साथ लेकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूजा स्थल पर आया। ग्रामीण के हाथ में पत्थर को देखकर गांववाले भौचक्के रह गए। इसके बाद लोगों ने वहीं पर एक बड़े ड्रम में पानी भरकर जब उक्त राम लिखित पत्थर को डाला तो वह पत्थर डूबने की बजाय ऊपर आ गया। मजे की बात तो यह है कि उक्त पत्थर को जीतने बार पानी में अंदर धक्का देते हैं, उतने बार राम लिखा हिस्सा पानी में ऊपर ही रहता है। ग्रामीणों द्वारा उक्त पत्थर को एक चमत्कारिक रूप मानते हुए अब उसकी पूजा अर्चना शुरू कर दिया है। इस बात की जानकारी लगते ही पत्थर को देखने आसपास गांव के लोगों के भी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग इसे भगवान का एक चमत्कार मान रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि एक पंडित को जब उक्त पत्थर को दिखाया गया तब पंडित ने कहा कि यह पत्थर रामसेतु की है जो नदी में बहते हुए यहां तक पहुंच गई है। बहरहाल मामला चाहे जो भी हो लेकिन राम लिखित पत्थर के नदी में तैरते मिलने से क्षेत्र में भक्तिभाव का माहौल निर्मित हो गई है और लोग अब पूजा अर्चना में जुट गए हैं।
नहीं हैं ऐसे पत्थर
ग्रामीणों ने बताया कि राम लिखित जो पत्थर मिला है ऐसा उक्त क्षेत्र में पत्थर नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी अन्यत्र स्थान का ही पत्थर है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur