अंबिकापुर,07 नवम्बर 2023 (घटती-घटना)। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में राष्ट्रीय सहयोग प्रदान करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय केशवपुर में भ्रष्टाचार उन्मूलन विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजित किया। राजा गैस एजेंसी के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिए शपथ ग्रहण भी कराया गया। कार्यक्रम स्कूल के प्राचार्य संतोष साहू के निर्देशन में किए गए। उन्होंने कहा अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल ने करप्शन परसेप्शन इंडेक्स जारी किया था। इसमें भारत 180 देशों की सूची में 78 वें स्थान पर है। भारत में लोकसेवकों का भ्रष्टाचार खतरा बन गया है। इसे रोकने के लिए कुछ नया करने की जरूरत है।
भ्रष्टाचार उन्मूलन संबंधी निबंध प्रतियोगिता हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में अलग-अलग आयोजित की गई थी। अंग्रेजी माध्यम में प्रथम आर्यन देव लकड़ा कक्षा 10वीं, द्वितीय स्थान पर सागर यादव छठवीं, तृतीय स्थान पर मीठी पांडेय पांचवीं रहे। हिंदी माध्यम में प्रथम नेहा पैंकरा कक्षा 10वीं, द्वितीय इशिता सिंह कक्षा छठवीं और तृतीय स्थान पर वर्षा यादव कक्षा पांचवी रहीं। इन बच्चों को नगद पुरस्कार दिया गया। यह राशि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई थी। पुरस्कृत बच्चों ने लोकपाल और भ्रष्टाचार पर विस्तृत जानकारी दी। बच्चों ने बौद्धिक क्षमता का परिचय देते हुए लिखा कि करीबन चार दशक इंतजार के बाद 2013 में लोकपाल संबंधित विधेयक को संसद से मंजूरी मिली थी। किन्हीं कारणों से लोकपाल और उसके सदस्यों के नाम तय करने में छह साल लग गए। अब जरूरी यह है कि केंद्रीय स्तर के नेताओं, नौकरशाहों के भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने वाली लोकपाल नामक संस्था इसे पूरा करने की दिशा में आगे बढ़े। उचित यह होगा कि सरकार का गठन होने से पहले ही लोकपाल संस्था जांच, निरीक्षण संबंधी तंत्र का गठन कर ले। केंद्रीय सेवाओं के अधिकारियों, राज्य सेवा के कर्मचारियों के साथ-साथ सभी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों को इसका आभास होना आवश्यक है कि भ्रष्टाचार का जांच करने के लिए नई और सक्षम संस्था अस्तित्व में आ गई है। इनके ईमानदार रहने से ही भारत का भविष्य उज्जवल होगा। भ्रष्टाचार में शामिल होने की स्थिति में सजा मिलने पर ऐसे मामलों में कमी आएगी। भ्रष्ट तत्वों के मन में भय व्याप्त होना आवश्यक है। भ्रष्टाचार उन्मूलन के उपाय के रूप में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर को भी बच्चों ने महत्व दिया है। कार्यक्रम के संचालन में अंचल सिन्हा, मुक्ता कुजूर, गंगा पैंकरा, वंदना महथा, सतीश भाई पटेल, विकासचन्द्र श्रीवास्तव, सुनीता पांडेय की महति भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur