महामाया गेट से मंदिर तक सडक की नापजोख शुरू,आगे हाथीपखना तक 16 मीटर चौड़ी सडक बनाने की भी तैयारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। मां महामाया मंदिर को भव्य स्वरूप देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कॉरिडोर निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। महामाया प्रवेश द्वार से मंदिर तक करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई 29 मीटर प्रस्तावित है। शनिवार को नगर निगम की तकनीकी और राजस्व टीम ने स्थानीय पार्षद मो. बाबर के साथ प्रस्तावित मार्ग की नापजोख की। नगर निगम के कार्यपालन अभियंता के अनुसार, महामाया प्रवेश द्वार से मंदिर तक 29 मीटर चौड़े कॉरिडोर के लिए 12 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत है। इसके आगे महामाया मंदिर से हाथीपखना तक 16 मीटर चौड़ी सडक बनाने की भी तैयारी है। कॉरिडोर निर्माण से मंदिर तक पहुंचने का मार्ग व्यवस्थित होगा। नवरात्र सहित अन्य प्रमुख पर्वों पर दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही मंदिर क्षेत्र के विकास और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur