अंबिकापुर और सीतापुर न्यायालय में पक्षकारों ने आपसी सहमति से किया राजीनामा,दो प्रकरणों का अपीलीय स्तर पर हुआ निपटारा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण,नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देश पर शनिवार को धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (चेक अनादरण) से जुड़े मामलों के निराकरण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शक्ति सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में सरगुजा जिले के कुल 10 प्रकरणों का पक्षकारों की आपसी सहमति से निराकरण किया गया। इनमें दो प्रकरणों का निपटारा अपीलीय स्तर पर हुआ। अंबिकापुर न्यायालय की खंडपीठ क्रमांक-2 में तृतीय व्यवहार न्यायाधीश गिरिवर सिंह राजपूत के समक्ष एक प्रकरण रखा गया। इसमें परिवादी ने अनावेदक को 80 हजार रुपए उधार दिए थे। राशि लौटाने के लिए अनावेदक ने 25-25 हजार रुपए के दो चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण दोनों चेक अनादरित हो गए थे। इसके बाद परिवादी ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था। दोनों पक्षों के बीच पहले घनिष्ठ संबंध थे,लेकिन लेनदेन के विवाद से रिश्तों में मनमुटाव आ गया था। विशेष लोक अदालत में दोनों पक्षों को आपसी सहमति से प्रकरण समाप्त करने के फायदे बताए गए। इसके बाद अनावेदक ने परिवादी को 50 हजार रुपए दिए और दोनों ने राजीनामे के आधार पर प्रकरण समाप्त करने पर सहमति जताई। सीतापुर व्यवहार न्यायालय में भी चेक अनादरण का एक प्रकरण आपसी सहमति से निराकृत हुआ। इसमें परिवादी ने अनावेदक को सामान बेचा था। बकाया भुगतान के लिए अनावेदक ने भारतीय स्टेट बैंक का 1.53 लाख रुपए का चेक दिया था,जो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण अनादरित हो गया था। इसके बाद परिवादी ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था।
विशेष लोक अदालत में दोनों पक्षों को राजीनामे के संबंध में समझाइश दी गई। इसके बाद अनावेदक ने परिवादी को एक लाख रुपए का चेक दिया और शेष राशि 15 दिनों के भीतर देने की बात कही। परिवादी ने शेष भुगतान के लिए 15 दिन का समय देते हुए समझौते पर सहमति जताई। उसने न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान हुए खर्च की मांग भी छोड़ दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव लीनम बनसोडे ने बताया कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों के बीच विवादों का सरल, सुलभ और शीघ्र निराकरण कराना है। आपसी सहमति से हुए समझौतों से पक्षकारों को त्वरित न्याय मिलने के साथ उनके बीच का मनमुटाव भी समाप्त हुआ।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur