Breaking News

अम्बिकापुर@ चार जिलों में निर्माण कार्यों की पड़ताल,लोक निर्माण विभाग के सचिव ने मौके पर दिए सख्त निर्देश

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक चार जिलों में सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पताल और अन्य निर्माण एवं संधारण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता परखी तथा अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। श्री बंसल ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और सड़क संधारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने तथा सुधार नहीं होने पर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी,गुणवत्ता मानकों के पालन और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। लोक निर्माण के सचिव श्री बंसल ने प्रमुख अभियंता श्री व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री के.पी. संत,अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता श्री आर.एस. तोमर तथा संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंताओं व अनुविभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदारों के साथ जशपुर,मनोरा,सन्ना,बगीचा,कांसाबेल,बागबहार,कोतबा,लुड़ेग, सीतापुर,पत्थलगांव,मैनपाट,दरिमा,राजपुर,प्रतापपुर,भैयाथान और सूरजपुर में सड़कों की स्थिति तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सड़क संधारण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश : सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान संधारण अवधि में संबंधित ठेकेदारों द्वारा समुचित रखरखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर सचिव श्री बंसल ने दोनों मार्गों के ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के संबंध में नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा संधारण कार्य नहीं किए जाने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल में पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन सड़क निर्माण के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सड़क संधारण कार्यों की नियमित निगरानी और आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


Share

Check Also

दुर्ग-भिलाई@दवा कारोबारी शशांक से 15 करोड़ की रंगदारी मांगी

Share वॉट्सऐप कॉल पर खुद को बिश्नोई गैंग का बताया,कारोबारी को विस्फोट से उड़ाने की …

Leave a Reply