Breaking News

सूरजपुर@ सात दिनों की घेराबंदी,दुर्गम पहाड़ी और लगातार बदलती लोकेशन…आखिरकार काबू में आया उत्पाती कबरा हाथी

Share

  • सात दिन की मशक्कत के बाद काबू में आया कबरा,अब रेडियो कॉलर से होगी निगरानी
  • रामगढ़ की पहाड़ी में वन विभाग का सफल ऑपरेशन,उत्पाती कबरा हाथी को लगाया रेडियो कॉलर…
  • जनहानि का कारण बने कबरा हाथी परवन विभाग का शिकंजा,सात दिन बाद ट्रैंक्विलाइज करने में मिली सफलता
  • रामगढ़ की खड़ी पहाड़ी में वन विभाग का चुनौतीपूर्ण अभियान सफल
  • ,विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ट्रैंक्विलाइज कर लगाया रेडियो कॉलर…
  • अब जंगल में हाथी की हर गतिविधि पर रहेगी नजर,
  • सूरजपुर-सरगुजा और तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व की संयुक्त टीम ने दिन-रात एक कर हासिल की सफलता…
  • कई जनहानि की घटनाओं से दहशत का कारण बने कबरा हाथी को नियंत्रित करने में वन विभाग को मिली बड़ी कामयाबी…
  • सीसीएफ वाइल्डलाइफ डॉ. प्रणय मिश्रा के नेतृत्व में चला विशेष अभियान,अब तकनीक के सहारे मानव-हाथी संघर्ष रोकने की होगी बड़ी परीक्षा


-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,18 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
सूरजपुर और सरगुजा अंचल में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने उत्पाती जंगली हाथी ‘कबरा’ को आखिरकार वन विभाग की संयुक्त टीम ने सात दिनों के अथक प्रयास,रणनीतिक निगरानी और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैंक्विलाइज करने में सफलता हासिल कर ली,रामगढ़ की दुर्गम और खड़ी पहाड़ी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में हाथी को सुरक्षित तरीके से बेहोश किया गया और उसके शरीर पर रेडियो कॉलर लगाया गया,इस सफलता के साथ ही वन विभाग को अब कबरा हाथी की गतिविधियों और उसके विचरण क्षेत्र की नियमित जानकारी मिल सकेगी,लंबे समय से हाथी की बदलती लोकेशन के कारण जिस पर प्रभावी निगरानी रखना चुनौती बना हुआ था,अब रेडियो कॉलर की मदद से उसकी आवाजाही पर नजर रखना पहले की तुलना में आसान होगा।
कबरा हाथी को ट्रैंक्विलाइज करना वन विभाग के लिए केवल एक तकनीकी कार्रवाई नहीं, बल्कि मानव-हाथी संघर्ष की चुनौती से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान था,इस हाथी से जुड़ी पूर्व की जनहानि की घटनाओं के कारण सूरजपुर और सरगुजा अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ था,हाथी की लगातार बदलती लोकेशन,घने जंगल, दुर्गम पहाड़ी रास्ते और अनुकूल अवसर का इंतजार अभियान को लगातार कठिन बना रहे थे,ऐसे में वन विभाग ने सूरजपुर,सरगुजा और तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व की संयुक्त टीम के साथ विशेष रणनीति बनाकर अभियान शुरू किया। सात दिनों तक चले प्रयासों के बाद रामगढ़ की खड़ी पहाड़ी में टीम को सफलता मिली, इस अभियान में वरिष्ठ वन अधिकारियों का मार्गदर्शन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तकनीकी दक्षता,कुमकी हाथियों की सहायता,ड्रोन से निगरानी और मैदानी वन अमले की लगातार सक्रियता निर्णायक रही,अब रेडियो कॉलर लगने के बाद वन विभाग के सामने अगली जिम्मेदारी इस तकनीक से मिलने वाली जानकारी के आधार पर हाथी की गतिविधियों की सतत निगरानी करना और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में समय रहते ग्रामीणों को सतर्क करना है।
रामगढ़ की खड़ी पहाड़ी में मिली निर्णायक सफलता-रामगढ़ का पहाड़ी क्षेत्र इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ,दुर्गम और खड़ी पहाड़ी के बीच हाथी की मौजूदगी के कारण वन अमले के लिए अभियान को अंजाम देना आसान नहीं था,ऐसे क्षेत्र में हाथी को ट्रैंक्विलाइज करने के लिए सावधानी,तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय बेहद जरूरी था,विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने हाथी को सुरक्षित तरीके से बेहोश करने की प्रक्रिया पूरी की,इसके बाद रेडियो कॉलर लगाने की कार्रवाई की गई,इस पूरी प्रक्रिया में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई,सात दिनों तक लगातार प्रयास करने के बाद मिली इस सफलता ने अभियान में जुटे पूरे वन अमले को बड़ी राहत दी,कबरा हाथी को ट्रैंक्विलाइज करने के बाद रेडियो कॉलर लगाया जाना इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम है,इससे अब वन विभाग को हाथी की गतिविधियों पर तकनीक आधारित निगरानी रखने का अवसर मिलेगा।
सीसीएफ वाइल्डलाइफ डॉ. प्रणय मिश्रा के नेतृत्व में चला अभियान-इस विशेष अभियान का नेतृत्व एवं निर्देशन सीसीएफ वाइल्डलाइफ डॉ. प्रणय मिश्रा ने किया,उनके मार्गदर्शन में सीसीएफ दिलराज प्रभाकर,सूरजपुर डीएफओ विपुल अग्रवाल,सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल तथा तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर सौरभ सिंह ठाकुर ने अभियान की निगरानी की,प्रशिक्षु आईएफएस कुणाल मिश्रा सहित सूरजपुर और सरगुजा वनमंडल के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने मैदानी स्तर पर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, अभियान के दौरान अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर टीम ने समन्वित तरीके से काम किया,इस अभियान में रायपुर और बिलासपुर से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों के दल ने भी अहम भूमिका निभाई,हाथी को ट्रैंक्विलाइज करने और रेडियो कॉलर लगाने की चिकित्सकीय एवं तकनीकी प्रक्रिया विशेषज्ञों की निगरानी में पूरी की गई, वन विभाग के लिए यह जरूरी था कि हाथी को नियंत्रित करने की प्रक्रिया सावधानीपूर्वक पूरी हो और रेडियो कॉलर लगाने की कार्रवाई भी सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।
ड्रोन निगरानी से लेकर मैदानी मोर्चे तक वन अमले की सक्रियता-सात दिनों तक चले इस अभियान में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी टीम सक्रिय रही,सीसीएफ वन्यजीव डॉ. प्रणय मिश्रा, डीएफओ सूरजपुर विपुल अग्रवाल,डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल और डिप्टी डायरेक्टर एलीफेंट रिजर्व सौरभ सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु आईएफएस कुणाल मिश्रा,एसडीओ सूरजपुर संतोष पाण्डेय,एसडीओ ओड़गी अर्पित राय,एसडीओ उदयपुर सपना मुखर्जी और एसडीओ प्रतापपुर संस्कृति बारले ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई,मैदानी स्तर पर रेंजर फेकू प्रसाद चौबे, पूजा यादव, उत्तम मिश्रा,सुनीत साहू और रामनिवास दहायत सक्रिय रहे। वहीं वनपाल गिरीश बहादुर सिंह, रामबिलास सिंह,शशिकांत सिंह,मलेश्वर पैकरा,यादनंद सिंह और अशोक सिंह ने भी अभियान में योगदान दिया, हाथी की गतिविधियों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने की जिम्मेदारी ऋतिक सोनी,राजाराम यादव,इंद्र प्रसाद पिपला,बसंत राम और आर्मो कुमार ने संभाली। इसके अलावा वनरक्षक इग्नेश बैक,अमरनाथ राजवाड़े, नंदकुमार,राजू टोप्पो,राजेश राजवाड़े,पूरण राम, अमरनाथ,विष्णु सिंह,राजेश कुजूर,सहिस कपूर, अवधेश पुरी और बृजभान सहित अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय योगदान दिया,इस तरह अभियान केवल अधिकारियों के निर्देश तक सीमित नहीं रहा,बल्कि मैदानी स्तर पर वनकर्मियों की लगातार सक्रियता और अलग-अलग टीमों के बीच समन्वय ने इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रेडियो कॉलर से मिलेगी हाथी की पल-पल की लोकेशन-कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाए जाने के बाद अब वन विभाग के पास उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखने का एक महत्वपूर्ण तकनीकी माध्यम उपलब्ध हो गया है,हाथी जंगल के किस हिस्से में विचरण कर रहा है, किस दिशा में आगे बढ़ रहा है और उसकी गतिविधियां किन क्षेत्रों के आसपास हैं,इसकी जानकारी विभाग को नियमित रूप से मिल सकेगी,अब तक हाथी की बदलती लोकेशन के कारण उसके विचरण क्षेत्र पर लगातार नजर रखना कठिन चुनौती थी,कई बार हाथी की मौजूदगी की जानकारी मिलने तक वह दूसरे क्षेत्र की ओर बढ़ चुका होता था,ऐसी स्थिति में वन अमले को उसकी गतिविधियों का अनुमान लगाने और प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते थे, रेडियो कॉलर लगने के बाद इस समस्या को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है,सूरजपुर वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने बताया कि रेडियो कॉलर लगाए जाने के बाद अब कबरा हाथी की लोकेशन की नियमित जानकारी मिलती रहेगी,लोकेशन के आधार पर संबंधित वन विभाग की टीमें उसकी गतिविधियों को ट्रैक कर सकेंगी,इससे ग्रामीण क्षेत्रों में हाथी की मौजूदगी की पूर्व जानकारी मिलने और आवश्यक सतर्कता बरतने में मदद मिलेगी,उन्होंने बताया कि विभाग अब हाथी के व्यवहार और जंगल में उसकी गतिविधियों का भी अध्ययन करेगा, ताकि भविष्य में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जा सके।
जनहानि की घटनाओं के बाद ग्रामीणों को बड़ी राहत-कबरा हाथी के कारण सूरजपुर और सरगुजा अंचल में पूर्व में कई जनहानि की घटनाएं हो चुकी हैं,इस वजह से हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों के बीच चिंता और भय बना रहता था, ऐसे में उसे ट्रैंक्विलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की सफलता वन विभाग के साथ-साथ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी राहत भरी खबर है,अब हाथी की लोकेशन मिलने से वन विभाग को संभावित खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान करने और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने में मदद मिल सकेगी, इससे वन अमले को भी मौके पर पहुंचने और आवश्यक सावधानी बरतने के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा,हालांकि,रेडियो कॉलर लगने का अर्थ यह नहीं है कि मानव-हाथी संघर्ष की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है, हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखना,उसकी लोकेशन का सही विश्लेषण करना और समय पर सूचना संबंधित गांवों तक पहुंचाना अब सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी, तकनीक तभी कारगर साबित होगी,जब उसके आधार पर मैदानी स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित हो।
अभियान की सफलता के बाद अब असली परीक्षा सतत् निगरानी की-कबरा हाथी को ट्रैंक्विलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की सफलता वन विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है,सात दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान ने यह दिखाया कि वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व,विशेषज्ञों की तकनीकी दक्षता और मैदानी अमले के सामूहिक प्रयास से कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है,लेकिन इस सफलता का वास्तविक लाभ तभी सामने आएगा,जब रेडियो कॉलर से मिलने वाली लोकेशन का नियमित विश्लेषण हो और हाथी की गतिविधियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते चेतावनी जारी की जाए,वन विभाग को ग्रामीणों के साथ बेहतर संवाद,सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था को भी मजबूत रखना होगा,कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाए जाने से अब उसकी गतिविधियों को समझने और मानव-हाथी संघर्ष को कम करने की दिशा में एक नया रास्ता खुला है,सात दिनों की मेहनत के बाद मिली इस सफलता के बाद अब उम्मीद है कि तकनीक और मैदानी सतर्कता के समन्वय से ग्रामीणों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा।
11 नवंबर को मिला आदेश,12 नवंबर से शुरू हुआ विशेष अभियान
जानकारी के अनुसार, कबरा हाथी को ट्रैंक्विलाइज करने का आदेश वन विभाग को 11 नवंबर को प्राप्त हुआ था, आदेश मिलते ही विभाग ने आवश्यक तैयारियां शुरू कीं और 12 नवंबर से कुमकी हाथियों की सहायता से कबरा की तलाश के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया, सूरजपुर, सरगुजा और तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सक्रिय होकर हाथी की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की, अभियान की शुरुआत से ही टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती हाथी की लोकेशन का लगातार बदलना था, जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी का पता लगाने के लिए वन अमले को लगातार अलग-अलग स्थानों पर निगरानी रखनी पड़ रही थी, दुर्गम भूभाग के कारण अभियान को अंजाम देना आसान नहीं था,कई बार हाथी की गतिविधियों का पता लगाने के लिए टीम को कठिन रास्तों से गुजरना पड़ा। इसके बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभियान को जारी रखा, कुमकी हाथियों की सहायता से तलाश और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था ने अभियान को आगे बढ़ाने में मदद की, टीम ने जल्दबाजी के बजाय अनुकूल अवसर और सुरक्षित प्रक्रिया को प्राथमिकता दी, अंततः रामगढ़ की खड़ी पहाड़ी में कबरा हाथी को ट्रैंक्विलाइज करने का अवसर मिला और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


Share

Check Also

कोरिया@बच्चों पर मधुमक्खियों का कहर,शिक्षक खुद को कमरों में बंद कर बचाते रहे जान

Share स्कूल के बाहर मधुमक्खियों का छत्ता, प्रबंधन क्यों बना रहा अनजान? स्कूल के बाहर …

Leave a Reply