Breaking News

बैकुंठपुर@ SECL का कैसा आर्थिक गणित? उत्पादन करती खदान बंद की…अब उसी को चालू करने के लिए नया निवेश!

Share

  • चलती खदान पर 2017 में लगाया ताला,अब करोड़ों खर्च कर फिर खोलने की तैयारी!
  • पहले चालू खदान बंद की,मशीनें चोरों के हवाले कीं,अब दोबारा शुरू करने में जुटा SECL प्रबंधन!
  • SECL का कैसा आर्थिक गणित? उत्पादन करती खदान बंद की,अब उसी को चालू करने के लिए नया निवेश!
  • नौ साल पहले क्यों बंद की कटकोना 3X4 अब उसी खदान में सीएम मशीन लगाने की तैयारी,पुराने फैसले पर सवाल…
  • खदान बंद कर छोड़े करोड़ों के उपकरण, चोरी से हुआ नुकसान,अब उसी खदान को फिर शुरू करने की कवायद!
  • जब कोयला उत्पादन हो रहा था तो खदान बंद क्यों की? अब उसी कटकोना 3X4 पर फिर करोड़ों लगाने की तैयारी!
  • एसडीएल मशीन से चल रही खदान बंद,अब सीएम मशीन से दोबारा उत्पादन की तैयारी,SECL के फैसलों का हिसाब कौन देगा?
  • पहले खदान बंद करने का फैसला, अब दोबारा खोलने की मशक्कत, SECL की नौ साल की…
  • चलती खदान पर SECL ने लगाया ताला,मशीनें हुईं असुरक्षित,अब करोड़ों खर्च कर फिर खोलने की तैयारी!


-रवि सिंह-
बैकुंठपुर,17 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
सरकारी उपक्रमों में योजनाएं बनाने और उन्हें लागू करने की जिम्मेदारी उन अधिकारियों के हाथों में होती है,जिनसे सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और दूरदर्शी निर्णय की अपेक्षा की जाती है,लेकिन जब किसी चालू खदान को कोयला उत्पादन के दौरान ही बंद कर दिया जाए, उसके भीतर मौजूद करोड़ों रुपये की मशीनरी और पूरा अधोसंरचना तंत्र असुरक्षित छोड़ दिया जाए और वर्षों बाद उसी खदान को दोबारा शुरू करने के लिए नई मशीनों तथा तकनीक पर निवेश करना पड़े,तब प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र की कटकोना 3X4 खदान का मामला कुछ ऐसा ही है,वर्ष 2017 में इस खदान को उस समय बंद करने का निर्णय लिया गया,जब वहां कोयला उत्पादन हो रहा था,खदान के भीतर उत्पादन से जुड़ा पूरा सेटअप मौजूद था,एसडीएल मशीन के माध्यम से कोयला निकाला जा रहा था और खदान संचालन की स्थिति में थी,स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार खदान में उपलब्ध कोयला भंडार का बड़ा हिस्सा अभी निकाला जाना बाकी था,बताया जाता है कि निर्धारित उत्पादन लक्ष्य का 60 प्रतिशत भी हासिल नहीं हो पाया था,इसके बावजूद प्रबंधन ने आर्थिक नुकसान और मुनाफे का हवाला देते हुए खदान बंद करने का निर्णय ले लिया,आज लगभग नौ वर्ष बाद उसी कटकोना 3/4 खदान को फिर से शुरू करने की पहल हो रही है,अब पुरानी एसडीएल मशीन के स्थान पर आधुनिक सीएम मशीन लगाने की तैयारी की जा रही है। खदान तक पहुंचने वाली सड़कों के चौड़ीकरण से लेकर भूमिगत कार्यों और मैन राइडिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं के लिए नए टेंडर और निर्माण कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, यहीं सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है कि यदि 2017 में खदान बंद करना आर्थिक रूप से सही निर्णय था तो आज उसे दोबारा शुरू करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? और यदि आज उसी खदान में कोयला उत्पादन की पर्याप्त संभावनाएं दिखाई दे रही हैं तो क्या वर्ष 2017 में खदान को बंद करने का निर्णय जल्दबाजी में लिया गया था? क्या उस समय उत्पादन बढ़ाने, मशीनरी का आधुनिकीकरण करने और खदान के विकास के विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया गया था?
चलती खदान को बंद करने का फैसला, आखिर किस आधार पर?– कटकोना 3&4 खदान की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसे बंद करते समय खदान पूरी तरह अनुपयोगी अथवा उत्पादनविहीन नहीं थी, वहां कोयला उत्पादन जारी था,एसडीएल मशीन से कोयला निकाला जा रहा था और भूमिगत खदान का संचालन करने के लिए आवश्यक संरचनाएं एवं उपकरण मौजूद थे,खदान प्रबंधन के सामने यदि उत्पादन लागत और मुनाफे का सवाल था तो उसका समाधान उत्पादन क्षमता बढ़ाने,नई तकनीक अपनाने,मशीनरी के आधुनिकीकरण और खनन क्षेत्र के विस्तार के माध्यम से भी तलाशा जा सकता था,लेकिन प्रबंधन ने खदान को बंद करने का रास्ता चुना, सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब खदान के निर्धारित उत्पादन लक्ष्य का 60 प्रतिशत भी हासिल नहीं हुआ था,तब उसकी वास्तविक उत्पादन क्षमता का पूरा उपयोग किए बिना उसे बंद करने का निर्णय क्यों लिया गया? क्या खदान की आर्थिक व्यवहार्यता का अध्ययन केवल तत्कालीन उत्पादन और लागत के आधार पर किया गया था? क्या भविष्य में उपलब्ध कोयला भंडार और नई तकनीक के उपयोग से उत्पादन बढ़ने की संभावनाओं का आकलन किया गया था? यदि खदान में कोयला भंडार पर्याप्त था और उत्पादन बढ़ाने की गुंजाइश थी तो क्या उसे बंद करने के बजाय चरणबद्ध विकास की योजना नहीं बनाई जा सकती थी? इन सवालों का जवाब उस समय खदान बंद करने का प्रस्ताव तैयार करने वाले अधिकारियों और उसे स्वीकृति देने वाले प्रबंधन से मांगा जाना चाहिए।
करोड़ों के उपकरण खदान के अंदर छोड़ दिए,दूसरी खदानों में भी नहीं किया उपयोग- इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू खदान बंद होने के बाद वहां मौजूद मशीनरी और उपकरणों का है, खदान के भीतर उत्पादन से संबंधित कई उपकरण और संसाधन मौजूद थे,इन्हें सुरक्षित निकालकर दूसरी खदानों में उपयोग करने की संभावना भी थी,लेकिन जानकारी के अनुसार खदान बंद करने के बाद सभी उपकरणों को वहां से नहीं निकाला जा सका, कुछ संसाधन खदान के अंदर और आसपास ही रह गए। खदान बंद होने के बाद उनका नियमित उपयोग बंद हो गया और सुरक्षा की जिम्मेदारी कुछ कर्मचारियों को सौंप दी गई, यहां सवाल उठता है कि जब कंपनी की एक खदान बंद हो रही थी और दूसरी खदानों में मशीनरी एवं उपकरणों की आवश्यकता थी तो वहां उपलब्ध संसाधनों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की योजना क्यों नहीं बनाई गई? क्या उस समय उपकरणों की सूची तैयार की गई थी? कितने उपकरण उपयोग योग्य थे? कितने उपकरण दूसरी खदानों में भेजे गए और कितने वहीं छोड़ दिए गए? क्या उनकी तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया गया था? यदि खदान के भीतर मौजूद उपकरणों को समय रहते निकाल लिया जाता तो कंपनी को दूसरी खदानों में उनका उपयोग करने का अवसर मिल सकता था, इससे नए उपकरण खरीदने और संसाधनों पर दोबारा निवेश करने का आर्थिक बोझ भी कम हो सकता था,लेकिन यदि करोड़ों रुपये की सार्वजनिक संपत्ति को बिना समुचित उपयोग योजना के बंद खदान में छोड़ दिया गया तो यह प्रबंधन की गंभीर चूक का विषय है।
खदान बंद हुई तो चोरों के निशाने पर आए सरकारी उपकरण-खदान बंद होने के बाद वहां मौजूद मशीनरी और उपकरणों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई, स्थानीय स्तर पर यह आरोप सामने आए हैं कि बंद खदान में मौजूद कई उपकरणों को चोरों ने निशाना बनाया और धीरे-धीरे संसाधनों को नुकसान पहुंचाया, स्थिति इतनी गंभीर बताई जाती है कि खदान की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को भी कई बार चोरों के विरोध और हमले का सामना करना पड़ा,आरोप है कि सुरक्षा में लगे कुछ कर्मचारियों की पिटाई तक की गई,यह स्थिति अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस कंपनी के पास सुरक्षा व्यवस्था, अधिकारी,कर्मचारी और प्रशासनिक तंत्र मौजूद है,वहां सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए तैनात कर्मचारियों को ही असुरक्षित परिस्थितियों का सामना क्यों करना पड़ा? क्या खदान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे? क्या सीआईएसएफ अथवा कंपनी की सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका सुनिश्चित की गई थी? क्या चोरी की घटनाओं पर एफआईआर दर्ज कराई गई? क्या चोरी गए उपकरणों की कीमत का आकलन किया गया? क्या जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा गया? यदि बंद खदान की सुरक्षा में लगे कर्मचारी बार-बार हमलों का सामना कर रहे थे तो सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तत्काल कदम क्यों नहीं उठाए गए? खदान बंद करना एक प्रशासनिक निर्णय हो सकता है,लेकिन उसके भीतर मौजूद सरकारी मशीनरी और संसाधनों को असुरक्षित छोड़ना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
पहले बंद करो,फिर नई मशीन खरीदकर दोबारा शुरू करो,यह कैसा आर्थिक गणित?- कटकोना 3&4 का मामला एसईसीएल की आर्थिक निर्णय प्रक्रिया पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है,वर्ष 2017 में खदान को नुकसान का हवाला देकर बंद किया गया, उस समय खदान में मशीनरी मौजूद थी, कर्मचारी काम कर रहे थे और उत्पादन भी जारी था, इसके बाद खदान बंद हुई,कर्मचारी दूसरे क्षेत्रों में भेज दिए गए और कुछ कर्मचारियों को वहां मौजूद संसाधनों की सुरक्षा में लगा दिया गया, अब वर्षों बाद उसी खदान को फिर से शुरू करने के लिए नई मशीनों,सड़क चौड़ीकरण,मैन राइडिंग सिस्टम और अन्य अधोसंरचना पर निवेश की तैयारी है,यानी पहले से तैयार खदान को बंद करने के बाद अब उसे दोबारा उत्पादन योग्य बनाने के लिए नए सिरे से संसाधन लगाने पड़ रहे हैं,यहां सवाल यह है कि 2017 में खदान को बंद करने से कंपनी को कितना आर्थिक लाभ हुआ? उस समय खदान में मौजूद मशीनरी की कुल कीमत कितनी थी? बंदी के बाद कितने उपकरण सुरक्षित रहे? कितने उपकरण चोरी हुए या अनुपयोगी हो गए? अब पुनः संचालन के लिए कुल कितना निवेश प्रस्तावित है? यदि बंदी के समय मौजूद संसाधनों का उपयोग नहीं हो पाया और अब नई मशीनरी तथा अधोसंरचना पर करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं तो उस पुराने निर्णय का आर्थिक ऑडिट क्यों नहीं होना चाहिए? कंपनी को यह भी बताना चाहिए कि खदान बंद करने से लेकर पुनः शुरू करने तक कुल कितना खर्च हुआ और इस पूरी अवधि में उपलब्ध कोयला भंडार का कितना हिस्सा अप्रयुक्त पड़ा रहा।
अब सीएम मशीन से उत्पादन की उम्मीद, लेकिन पुराने फैसले का हिसाब कौन देगा?– कटकोना 3&4 को दोबारा शुरू करने की पहल से यह स्पष्ट होता है कि कंपनी को अब भी इस क्षेत्र में कोयला उत्पादन की संभावना दिखाई दे रही है,नई तकनीक और आधुनिक मशीनरी के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने की तैयारी की जा रही है,लेकिन नई मशीन लगाने से पुराने फैसले का सवाल खत्म नहीं हो जाता,बल्कि अब यह और महत्वपूर्ण हो जाता है कि जब आज इसी खदान में उत्पादन की संभावना देखी जा रही है तो वर्ष 2017 में इसे बंद करने का निर्णय किन परिस्थितियों में लिया गया था,क्या उस समय खदान के आर्थिक मॉडल का गलत आकलन हुआ था? क्या नई मशीनरी लगाने की संभावना पर विचार नहीं किया गया? क्या उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए पर्याप्त समय और निवेश उपलब्ध कराया गया था? यदि आज सीएम मशीन लगाकर उसी खदान से कोयला निकालना आर्थिक रूप से उचित माना जा रहा है तो पुराने निर्णय की समीक्षा जरूरी है।
कटकोना 3X4 की बंदी और पुनः शुरुआत के पूरे मामले में निम्नलिखित बिंदुओं पर प्रबंधन को स्पष्ट जवाब देना चाहिए…

  1. वर्ष 2017 में खदान बंद करने का वास्तविक कारण क्या था? क्या केवल आर्थिक नुकसान इसका आधार था?
  2. खदान बंद करते समय वार्षिक उत्पादन लक्ष्य कितना था और वास्तविक उत्पादन कितना हो रहा था?
  3. खदान के निर्धारित उत्पादन लक्ष्य का 60 प्रतिशत भी हासिल नहीं होने के बावजूद उसे बंद क्यों किया गया?
  4. उस समय खदान के अंदर कितनी एसडीएल मशीनें और अन्य उपकरण मौजूद थे?
  5. बंदी के बाद कितने उपकरण सुरक्षित निकाले गए और कितने खदान के अंदर छोड़ दिए गए?
  6. बंद खदान में मौजूद मशीनरी और संसाधनों की वर्तमान स्थिति क्या है?
  7. चोरी की घटनाओं में कितनी सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ और कितनी एफआईआर दर्ज कराई गईं?
  8. सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों पर हमले की घटनाओं की जांच हुई या नहीं?
  9. खदान को फिर से शुरू करने के लिए कितने करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है?
  10. पुरानी मशीनरी का उपयोग क्यों नहीं किया जा सका और अब सीएम मशीन लगाने का निर्णय किन तकनीकी आधारों पर लिया गया?
  11. वर्ष 2017 में खदान बंद करने के निर्णय का कोई स्वतंत्र आर्थिक और तकनीकी ऑडिट कराया गया है या नहीं?
    यह केवल खदान बंद करने का मामला नहीं,सार्वजनिक संपत्ति के उपयोग का सवाल है-एसईसीएल कोल इंडिया की सहायक कंपनी है और देश के सार्वजनिक क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण उपक्रम है, यहां होने वाला प्रत्येक आर्थिक निर्णय कंपनी के संसाधनों और सार्वजनिक धन से जुड़ा होता है, कटकोना 3/4 की कहानी में सबसे बड़ी विडंबना यही है कि जिस खदान में उत्पादन हो रहा था, उसे नुकसान के आधार पर बंद कर दिया गया,खदान में मौजूद मशीनरी और संसाधनों का पूरा उपयोग नहीं हो सका। बंदी के बाद सुरक्षा संबंधी समस्याएं सामने आईं और अब उसी खदान को नई तकनीक के साथ फिर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है, यदि 2017 में खदान को बंद करने का फैसला सही था तो आज दोबारा शुरू करने के पीछे का आर्थिक औचित्य सार्वजनिक किया जाना चाहिए, और यदि आज खदान में पर्याप्त उत्पादन की संभावना है तो पुराने निर्णय की समीक्षा कर यह पता लगाया जाना चाहिए कि उस समय उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग क्यों नहीं किया गया, सबसे बड़ा सवाल यही है कि जो खदान चल रही थी, जिसमें कोयला उत्पादन हो रहा था और जिसके अंदर पूरा सेटअप मौजूद था, उसे बंद करने का फैसला आखिर किसकी दूरदर्शिता का परिणाम था? आज उसी खदान को नई मशीनों से फिर शुरू करने के लिए करोड़ों का निवेश किया जा रहा है,यदि पुराने संसाधन सुरक्षित रहते और खदान को समय रहते विकसित किया जाता तो क्या कंपनी का नुकसान कम नहीं हो सकता था?
    एसडीएल मशीन से हो रहा था उत्पादन, अब सीएम मशीन लगाने की तैयारी
    कटकोना 3/4 खदान में जब उत्पादन हो रहा था,तब एसडीएल मशीन के माध्यम से भूमिगत कोयला निकाला जाता था, अब खदान को दोबारा शुरू करने की योजना में आधुनिक सीएम यानी कंटीन्यूअस माइनर मशीन लगाने की तैयारी है।
    सीएम मशीन आधुनिक भूमिगत खनन तकनीक का हिस्सा है, जिसके माध्यम से कोयला निकालने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और उत्पादन क्षमता के अनुरूप बनाई जा सकती है, लेकिन सवाल यह है कि जब आधुनिक तकनीक अपनाने की संभावना आज मौजूद है तो क्या वर्ष 2017 में भी खदान के आधुनिकीकरण का विकल्प नहीं था? क्या उस समय एसडीएल मशीन की जगह नई तकनीक अपनाकर खदान को आगे चलाया जा सकता था? क्या उत्पादन लक्ष्य प्राप्त नहीं होने का कारण मशीनों की क्षमता थी या फिर अन्य तकनीकी और आर्थिक समस्याएं थीं? यदि नई मशीन लगाने से आज खदान का संचालन आर्थिक रूप से लाभकारी हो सकता है तो उस समय ऐसी संभावना का मूल्यांकन क्यों नहीं किया गया?
    60 प्रतिशत उत्पादन लक्ष्य भी हासिलनहीं,फिर खदान बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी?
    कटकोना 3/4 को लेकर एक और महत्वपूर्ण बिंदु उत्पादन लक्ष्य से जुड़ा है,स्थानीय स्तर पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार खदान निर्धारित उत्पादन लक्ष्य का 60 प्रतिशत भी हासिल नहीं कर पाई थी,यदि यह आंकड़ा सही है तो इसका अर्थ है कि खदान में उत्पादन बढ़ाने की पर्याप्त गुंजाइश थी,ऐसे में प्रबंधन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उत्पादन लक्ष्य हासिल नहीं होने का वास्तविक कारण क्या था? क्या खदान की मशीनरी की क्षमता सीमित थी? क्या भूमिगत खनन क्षेत्र के विकास में देरी हो रही थी? क्या कर्मचारियों की कमी थी? क्या कोयले की गुणवत्ता और उत्पादन लागत का अंतर खदान को घाटे में ले जा रहा था? किसी भी खदान को आर्थिक रूप से नुकसानदायक घोषित करने से पहले उसके वर्तमान उत्पादन,भविष्य की संभावनाओं, उपलब्ध कोयला भंडार,तकनीकी सुधार और निवेश की लागत का विस्तृत अध्ययन किया जाना चाहिए, यदि उस समय खदान को बंद करने का निर्णय केवल तत्कालीन घाटे को देखते हुए लिया गया था और भविष्य की संभावनाओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया तो यह प्रबंधन की दूरदर्शिता पर बड़ा सवाल है।

Share

Check Also

खड़गवां (एमसीबी)@ खड़गवां में चिरमिरी-बिलासपुर-कोरबा सड़क किनारे पेड़ों की धड़ल्ले से कटाई,जिम्मेदार अधिकारी मुख्यालय से नदारद

Share आधीबार गांव के आसपास सड़क किनारे लगे हरे-भरे पेड़ों पर चल रही कुल्हाड़ी,विभागीय जमीन …

Leave a Reply