विवाद के बाद दिया वारदात को अंजाम, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छेनी जब्त
-संवाददाता-
अंबिकापुर,04 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरीकला टिकरापारा में 40 वर्षीय राजमिस्त्री अंगद राम चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने विवाद के बाद छेनी से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त छेनी भी जब्त की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की शाम करीब 7.30 बजे अंगद राम चौधरी का गांव के ही मुकेश चौधरी (23) और धर्मेंद्र चौधरी (26) से विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों ने अंगद पर छेनी से सिर और शरीर पर गंभीर वार किए। चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को बाड़ीनुमा स्थान पर फेंक दिया। अंगद राम चौधरी की पत्नी कुछ माह पहले मायके चली गई थी। इसके बाद वह घर में अकेले रहता था, जबकि उसके अन्य परिजन गांव में कुछ दूरी पर रहते थे। परिजनों ने सोमवार रात करीब 10 बजे उसे घर आते देखा था। मंगलवार सुबह उसका शव घर के आंगन में खून से लथपथ मिला। परिजनों की सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्मयड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों की तलाश कर मुकेश चौधरी पिता श्यामलाल चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी पिता स्व. चंदरलाल चौधरी, दोनों निवासी रजपुरीकला टिकरापारा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने विवाद के बाद आवेश में आकर छेनी से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छेनी जब्त की गई। मामले में थाना लखनपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में अपराध दर्ज किया गया है। साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक मनीष तिवारी, बैजनाथ राम लकड़ा,प्रधान आरक्षक पीतांबर सिंह,विवेक पांडेय तथा आरक्षक दशरथ राजवाड़े, शिवमंगल पैकरा और राजेंद्र लकड़ा शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur