Breaking News

अम्बिकापुर@दो घंटे के ऑपरेशन से डेढ़ साल के मासूम की बची जान,समय पर सर्जरी से टली अंतड़ी सडऩे की नौबत

Share


ऑब्स्ट्रक्टेड हर्निया से फंसी थी छोटी और बड़ी आंत,मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने सफल सर्जरी कर बचाई जिंदगी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। ऑब्स्ट्रक्टेड हर्निया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे डेढ़ वर्षीय मासूम की जान मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने समय रहते सफल ऑपरेशन कर बचा ली। करीब दो घंटे तक चली सर्जरी में डॉक्टरों ने बच्चे की फंसी हुई छोटी और बड़ी आंत को सुरक्षित निकालकर उसके सही स्थान पर स्थापित किया। डॉक्टरों के अनुसार यदि समय पर ऑपरेशन नहीं किया जाता तो आंत की रक्त आपूर्ति रुकने से वह सडऩे लगती और बच्चे की जान बचाना बेहद मुश्किल हो सकता था। जानकारी के अनुसार,सूरजपुर जिले के डेढ़ वर्षीय रूपेंद्रनाथ को 23 जुलाई को अचानक पेट फूलने और तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे जिला अस्पताल सूरजपुर लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर 29 जुलाई को अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां जांच के दौरान सोनोग्राफी में पता चला कि बच्चे की आंत पेट के निचले हिस्से में फंस गई है। डॉक्टरों ने इसे ऑब्स्ट्रक्टेड हर्निया बताया और स्थिति गंभीर देखते हुए उसी दिन तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। करीब दो घंटे चली सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि बच्चे की छोटी और बड़ी दोनों आंत फंस गई थीं। अत्यंत सावधानी से उन्हें बाहर निकालकर उनके सामान्य स्थान पर स्थापित किया गया। सफल ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत में तेजी से सुधार हुआ और स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
समय पर इलाज से बची जान : डॉक्टरों ने बताया कि ऑब्स्ट्रक्टेड हर्निया में यदि समय पर उपचार नहीं मिले तो फंसी हुई आंत तक रक्त का प्रवाह बंद हो सकता है। इससे आंत सडऩे (गैंग्रीन) का खतरा बढ़ जाता है और मरीज की जान भी जा सकती है। इसलिए पेट में असामान्य सूजन,तेज दर्द, उल्टी या हर्निया की सूजन अचानक सख्त होने जैसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।
इन डॉक्टरों ने किया सफल ऑपरेशन : इस सफल सर्जरी में शिशु शल्य चिकित्सक डॉ. पी.आर. शिवहरे, डॉ. मनोज भारती, डॉ. शुभम कांत तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. रूपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉक्टरों की टीम की सतर्कता और समय पर किए गए ऑपरेशन से मासूम की जान बच गई।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ खाद माफिया से मिलीभगत करने वाले अधिकारी नहीं बचेंगे : कृषि मंत्री

Share ओवर रेटिंग की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज,राहुल कृषि केंद्र का लाइसेंस …

Leave a Reply