जनसेवा,अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता,डीआईजी-एसएसपी से की सौजन्य भेंट
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग के आदेश के तहत राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारी रितेश चौधरी ने सरगुजा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने,अपराध नियंत्रण को मजबूत करने तथा आमजन को संवेदनशील एवं पारदर्शी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत एएसपी रितेश चौधरी ने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) से सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले की कानून-व्यवस्था,अपराध नियंत्रण, जनसेवा, सामुदायिक पुलिसिंग तथा पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। वरिष्ठ अधिकारियों से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कार्यप्रणाली का अवलोकन भी किया।
शाखाओं की समीक्षा, समयबद्ध कार्य के निर्देश : नवपदस्थ एएसपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से परिचय प्राप्त करते हुए शाखावार कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर सभी कार्यों का समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन कार्यों में गति लाने और आम नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा : रितेश चौधरी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण,संवेदनशील पुलिसिंग और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाया जाएगा।
सीएएफ में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
सरगुजा में पदस्थापना से पूर्व रितेश चौधरी 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ), धनौरा, जिला बालोद में उप सेनानी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब सरगुजा में उनकी नियुक्ति से जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur