करीब एक वर्ष तक करता रहा शोषण, कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई कर भेजा जेल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गिरहुलडी थाना सीतापुर निवासी निलेश श्रीवास ने 15 अगस्त 2025 से 27 जुलाई 2026 के बीच शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर बगीचा थाने में शून्य पर अपराध दर्ज कर प्रकरण अग्रिम विवेचना के लिए कोतवाली अंबिकापुर भेजा गया। कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीडि़ता के बयान दर्ज किए गए और आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने आरोपी निलेश श्रीवास (20), निवासी ग्राम गिरहुलडी, थाना सीतापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur