Breaking News

कोरिया/सोनहत@ नौगई तिहरा हत्याकांड: सुशील और अंजनी पर क्यों टिक गई सबकी निगाहें?

Share

  • नौगई कांड में दो नामों का रहस्य: सुशील और अंजनी पर आखिर क्यों उठ रहे सवाल?
  • घटना के बाद से सामने नहीं आने की चर्चा, जनमानस पूछ रहा—क्या जांच के दायरे में हैं दोनों नाम?
  • नौगई कांड में दो नाम सबसे ज्यादा चर्चा में, आखिर कहां हैं सुशील और अंजनी?
  • नौगई हत्याकांड: घटना के बाद से गायब बताए जा रहे सुशील और अंजनी, आखिर क्यों?
  • क्या नौगई कांड की जांच में शामिल हैं सुशील और अंजनी? जनचर्चाओं में तेज हुए सवाल
  • नौगई तिहरा हत्याकांड: फरारी की चर्चा और बढ़ाती शंकाएं

-रवि सिंह-
कोरिया/सोनहत,23 जून 2026 (घटती-घटना)।
सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में 16 और 17 जून की दरमियानी रात घटित तिहरे हत्याकांड ने पूरे कोरिया जिले सहित प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है,एक ही परिवार के तीन लोगों को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार देने की घटना न केवल क्रूरता की पराकाष्ठा मानी जा रही है,बल्कि यह भी सवाल खड़ा कर रही है कि आखिर किसी भी समाज में इतनी भयावह मानसिकता कैसे विकसित हो सकती है कि पूरा परिवार एक साथ मिलकर ऐसी वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार हो जाए,इस मामले में पुलिस ने अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है,पुलिस लगातार विवेचना कर रही है और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। लेकिन गिरफ्तारी के बाद भी कई ऐसे सवाल हैं जो अभी तक अनुत्तरित हैं, इन्हीं सवालों के बीच दो नाम लगातार चर्चा में बने हुए हैं—सुशील और अंजनी,गांव की चौपालों से लेकर बाजारों तक,सोशल मीडिया से लेकर आम चर्चाओं तक,इन दोनों नामों को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं,हालांकि पुलिस की ओर से अब तक इन दोनों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है,लेकिन जनमानस में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि आखिर घटना के बाद से इन दोनों की भूमिका को लेकर इतनी चर्चा क्यों हो रही है?
आखिर कौन हैं सुशील और अंजनी, और क्यों हो रही चर्चा?
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी परिवार में सुशील और अंजनी की स्थिति सामान्य सदस्यों जैसी नहीं मानी जाती थी। गांव में यह धारणा लंबे समय से रही है कि परिवार के महत्वपूर्ण निर्णयों में इन दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी, इसी कारण जब इतनी बड़ी और संगठित घटना सामने आई, तो लोगों ने स्वाभाविक रूप से इन दोनों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाने शुरू कर दिए, जनचर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि यदि परिवार के अन्य सदस्य इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्र हो सकते हैं, तो क्या परिवार के प्रभावशाली सदस्यों को इसकी जानकारी नहीं रही होगी? हालांकि यह केवल चर्चा और आशंकाओं का विषय है,लेकिन जब तक जांच एजेंसियां इस पर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं लातीं,तब तक ऐसे सवाल उठना स्वाभाविक माना जा रहा है।
घटना के दिन से ही क्यों बताए जा रहे फरार?
घटना के बाद सबसे बड़ा प्रश्न यह उठ रहा है कि सुशील और अंजनी घटना के दिन से सार्वजनिक रूप से क्यों दिखाई नहीं दिए, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि दोनों घटना के बाद से गांव में नहीं देखे गए हैं और किसी के संपर्क में भी नहीं हैं,यही कारण है कि लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि उनकी कोई भूमिका नहीं है तो वे स्वयं सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं कर रहे? आखिर ऐसा क्या कारण है कि तीन लोगों की मौत जैसी गंभीर घटना के बाद भी दोनों सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए? कई ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति निर्दोष है तो सामान्यतः वह जांच एजेंसियों का सहयोग करता है और स्वयं को जांच के लिए उपलब्ध रखता है। हालांकि यह केवल जनधारणा है और किसी व्यक्ति के सामने न आने मात्र से उसे दोषी नहीं माना जा सकता, लेकिन ऐसे हालात संदेहों को अवश्य जन्म देते हैं।
घायलों के बयान बन सकते हैं निर्णायक
इस मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी वे दो घायल सदस्य हैं जो अभी भी उपचाराधीन हैं, वे उसी परिवार के सदस्य हैं जिसने इस भयावह घटना को झेला है, फिलहाल उनकी स्थिति ऐसी नहीं बताई जा रही कि वे विस्तृत बयान दे सकें, लेकिन जैसे ही उनकी हालत में सुधार होगा,उनके बयान पूरी जांच की दिशा बदल सकते हैं, वे प्रत्यक्षदर्शी हैं और संभव है कि वे उन तथ्यों से पर्दा उठाएं जो अभी तक जांच एजेंसियों के सामने नहीं आए हैं,यही कारण है कि पुलिस भी घायलों के बयान को इस मामले का महत्वपूर्ण हिस्सा मानकर चल रही होगी।
क्या जांच का दायरा और बढ़ेगा?
जनता के बीच यह चर्चा भी है कि गिरफ्तार नौ आरोपियों के अलावा क्या अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच हो रही है? यदि हो रही है तो उसकी प्रगति क्या है? क्या किसी और का नाम जांच के दायरे में है? क्या सुशील और अंजनी से पूछताछ की गई है या की जाएगी? इन सवालों के जवाब अभी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हैं। लेकिन चूंकि मामला तीन हत्याओं का है और पूरे प्रदेश का ध्यान इस पर केंद्रित है, इसलिए लोग जांच की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर भी सजग हैं।
न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, दिखना भी चाहिए…
कानून विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में केवल निष्पक्ष जांच होना पर्याप्त नहीं होता,बल्कि यह भी आवश्यक होता है कि जांच निष्पक्ष दिखाई भी दे,यदि किसी नाम को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है तो जांच एजेंसियों को उस पहलू पर भी स्पष्टता लानी चाहिए,ताकि अफवाहों और अटकलों का बाजार बंद हो सके,नौगई तिहरे हत्याकांड में भी यही स्थिति दिखाई दे रही है, लोग चाहते हैं कि पुलिस हर उस पहलू की जांच करे जो घटना की सच्चाई तक पहुंचने में मददगार हो सकता है।
तीन मौतें,दो घायल और अनगिनत सवाल
नौगई कांड में तीन लोगों की जान जा चुकी है, दो लोग अभी भी अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, एक पूरा परिवार उजड़ गया है, ऐसे में समाज का यह अधिकार भी है कि घटना की पूरी सच्चाई सामने आए, सुशील और अंजनी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल सही हैं या गलत, इसका फैसला जनचर्चाएं नहीं बल्कि पुलिस जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया करेगी, लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि जब तक इन सवालों का जवाब नहीं मिलेगा, तब तक नौगई कांड को लेकर चर्चाओं का दौर थमने वाला नहीं है, अब पूरे जिले की निगाहें पुलिस विवेचना पर टिकी हैं, लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या सुशील और अंजनी केवल जनचर्चाओं का हिस्सा हैं या फिर जांच एजेंसियों के पास ऐसे तथ्य भी हैं जो उनकी भूमिका को लेकर कोई नई कहानी सामने ला सकते हैं, इसका जवाब आने वाला समय और पुलिस की जांच ही दे सकेगी।
क्या पुलिस कर रही है तकनीकी जांच?
सूत्रों के अनुसार पुलिस इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों पर भी विशेष ध्यान दे रही है,कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर),मोबाइल लोकेशन,घटना से पहले और बाद में हुई बातचीत तथा आरोपियों के संपर्कों की जांच की जा रही है, यदि ऐसा है तो यह जांच आगे चलकर महत्वपूर्ण साबित हो सकती है, घटना के समय कौन-कौन लोग आसपास मौजूद थे? किसने किससे बात की? घटना से पहले और बाद में किन लोगों के बीच लगातार संपर्क हुआ? इन सभी सवालों के जवाब तकनीकी जांच से मिल सकते हैं,आज अपराध जांच में मोबाइल डेटा,लोकेशन रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य कई बार सबसे महत्वपूर्ण प्रमाण साबित होते हैं,ऐसे में नौगई कांड में भी पुलिस की तकनीकी जांच आने वाले समय में कई नए तथ्य सामने ला सकती है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ थाने के सामने महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं एक बार फिर सिर …

Leave a Reply