,वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप
भाजपा जिलाध्यक्ष और महापौर का नाम सामने आने का दावा,जांच और जवाब का इंतजार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जून 202६ (घटती-घटना)। नगर निगम क्षेत्र में आयोजित मेले को लेकर कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली और मेले से जुड़े अनुमति व व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल ऑडियो में कथित लेन-देन की बातचीत होने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वायरल ऑडियो को लेकर कुछ लोगों द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष और महापौर का नाम भी सामने आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी भी स्तर पर आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों का बयान सामने आना बाकी है।
मेले की अनुमति और व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवाल : बताया जा रहा है कि पूरा मामला नगर निगम क्षेत्र में आयोजित मेले से जुड़ा है। मेले की अनुमति, व्यवस्थाओं और कथित लेन-देन को लेकर वायरल ऑडियो सामने आने के बाद लोगों में चर्चा शुरू हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या आयोजन से जुड़े कार्यों में नियमों का पालन हुआ या नहीं। मामले को लेकर अब लोगों की नजर नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के रुख पर है।
वायरल ऑडियो की सत्यता जांच का विषय : राजनीतिक और सामाजिक हलकों में वायरल ऑडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि किसी भी ऑडियो की सत्यता की पुष्टि बिना जांच के नहीं की जा सकती। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विपक्ष को मिला मुद्दा,पारदर्शिता पर सवाल
मामले को लेकर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी सवाल उठाए जाने की संभावना है। नगर निगम जैसे सार्वजनिक संस्थान में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में वायरल ऑडियो के बाद प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठ सकती है।
कार्रवाई या जांच पर टिकी नजर
फिलहाल पूरा मामला वायरल ऑडियो और लगाए जा रहे आरोपों तक सीमित है। अब देखना होगा कि प्रशासन या नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई जांच कराई जाती है या नहीं। यदि जांच होती है तो ऑडियो की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur