Breaking News

एमसीबी@कन्या विवाह योजना में मंगलसूत्र कांड का आरोप

Share

  • 13 साल बाद खुला नियम जानकारी क्यों रही गायब?
  • मंगलसूत्र,माला और सवालों का महाभारत…सरकारी खंडन आया, लेकिन जवाब ज्यादा मिले या नए प्रश्न?
  • चार महीने पुरानी शादी,एक वायरल वीडियो और विभाग का सफाईनामा…आखिर सच क्या है?
  • मंगलसूत्र से बड़ा सवाल…13 साल तक फाइलों में क्यों बंद रहा सच?
  • मंगलसूत्र विवाद में नया मोड़..खंडन ने खोले 13 साल पुराने राज
  • गरीब बेटियों के गले में सवालों की माला, फाइलों में बंद रहा नियम
  • मंगलसूत्र पर मचा बवाल, लेकिन असली विवाद निकला ‘जानकारी का अकाल’
  • 2013 में बदला नियम, 2026 में मिली जानकारी! आखिर जिम्मेदार कौन?
  • खंडन आया, मगर सवाल रह गया,13 साल तक किसने छिपाए रखे नियम?
  • नियम बदला,सरकारें बदलीं,लेकिन जनता को खबर नहीं मिली!
  • सवालों के घेरे में व्यवस्था, चांदी का मंगलसूत्र नहीं था तो बताया क्यों नहीं गया?
  • 184 शादियां, एक विवाद और 13 साल पुरानी चुप्पी


-संवाददाता-
एमसीबी,15 जून 2026(घटती-घटना)।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत फरवरी में संपन्न हुए सामूहिक विवाह कार्यक्रम का मामला अब केवल एक मंगलसूत्र तक सीमित नहीं रह गया है, यह मामला सरकारी योजनाओं की गुणवत्ता, निगरानी, जवाबदेही और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का ऐसा संगम बन चुका है, जिसमें हर पक्ष अपने-अपने सच की माला गूंथ रहा है, कुछ दिन पहले तक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नवविवाहिताएं अपने गले में पड़े मंगलसूत्र दिखाते हुए सवाल पूछ रही थीं,विपक्ष सक्रिय हो गया,जांच की मांग उठने लगी, राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई और मामला अखबारों की सुर्खियों तक पहुंच गया, विपक्ष इसे गरीब बेटियों के सम्मान का अपमान बता रहा था, स्थानीय स्तर पर जांच की मांग उठ रही थी,और अब महिला एवं बाल विकास विभाग ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले को तथ्यहीन और भ्रामक बताते हुए खंडन कर दिया है, लेकिन सरकारी खंडन पढ़ने के बाद ऐसा लग रहा है कि विवाद खत्म होने के बजाय एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।
पहले समझिए पूरा मामला…
10 फरवरी 2026 को खड़गवां के चनवारीडांड में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया था, कार्यक्रम में 184 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, शासन की योजना के अनुसार नवदंपतियों को विभिन्न प्रकार की उपहार सामग्री प्रदान की गई,सब कुछ सामान्य चल रहा था, फिर चार महीने बाद अचानक सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने लगे, वीडियो में दावा किया गया कि नवविवाहिताओं को जो मंगलसूत्र दिए गए थे,वे बेहद निम्न गुणवत्ता के हैं, कुछ लोगों ने तो इसे नकली तक बता दिया, मामला देखते ही देखते राजनीतिक गलियारों में पहुंच गया, विपक्ष ने इसे गरीब बेटियों के सम्मान से जोड़ दिया, स्थानीय नेताओं ने जांच की मांग कर दी, और देखते ही देखते एक साधारण मंगलसूत्र राजनीतिक परमाणु बम में बदल गया।
13 साल बाद जनता को पता चला कि चांदी का मंगलसूत्र अनिवार्य ही नहीं था! … विभाग ने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि 14 जनवरी 2013 को ही शासन ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में चांदी के मंगलसूत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी थी,यानी जिस मुद्दे पर आज पूरा विवाद खड़ा है,वह नियम तो तेरह साल पहले ही बदल चुका था,बस यहीं से असली सवाल पैदा होता है,अगर 2013 में नियम बदल गया था तो 2026 में जनता को इसकी जानकारी पहली बार क्यों मिल रही है? क्या यह जानकारी केवल सरकारी फाइलों,नोटशीटों और आदेश पुस्तिकाओं तक सीमित थी? क्या 13 वर्षों तक किसी ने यह जरूरी नहीं समझा कि लाभार्थियों को भी बताया जाए कि योजना में अब चांदी का मंगलसूत्र नहीं दिया जाता?
विभाग का जवाब आया की सब कुछ नियमों के अनुसार हुआ
विवाद बढ़ता देख महिला एवं बाल विकास विभाग मैदान में उतरा, प्रेस विज्ञप्ति जारी हुई, बताया गया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रति विवाह 50 हजार रुपये की सहायता निर्धारित है, इसमें 35 हजार रुपये सीधे कन्या के खाते में,8 हजार रुपये आयोजन एवं परिवहन पर,7 हजार रुपये उपहार सामग्री पर खर्च किए जाते हैं,विभाग ने विस्तार से बताया कि दुल्हनों को साड़ी,चूड़ी,बिछिया,सिंदूर,श्रृंगार पेटी,मंगलसूत्र और अन्य सामग्री दी गई थी, साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि वर्ष 2013 से चांदी के मंगलसूत्र की अनिवार्यता समाप्त हो चुकी है, अर्थात योजना में चांदी का मंगलसूत्र देना आवश्यक नहीं है, सरकारी भाषा में कहें तो जो दिया गया, नियम के अनुसार दिया गया।
लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट यहीं से शुरू होता है…
अगर कोई पाठक केवल प्रेस विज्ञप्ति का पहला हिस्सा पढ़े तो उसे लगेगा कि पूरा विवाद फर्जी था,लेकिन जैसे ही वह अंतिम पैराग्राफ तक पहुंचेगा, कहानी अचानक पलट जाती है,विभाग स्वयं स्वीकार करता है कि आपूर्तिकर्ता द्वारा दी गई सामग्री में कुछ वस्तुएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं, यानी शिकायतों की जांच हुई, कमियां मिलीं,और इसके बाद आपूर्तिकर्ता के भुगतान से प्रति जोड़ा 1000 रुपये की कटौती कर दी गई, कुल 36 हजार रुपये हितग्राहियों के खातों में जमा कराए गए, यहीं पर सवाल पैदा होता है,अगर सब कुछ बिल्कुल सही था तो कटौती क्यों हुई? और अगर कटौती हुई तो शिकायतें पूरी तरह गलत कैसे हो गईं? यही वह प्रश्न है जिसने पूरे मामले को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
सत्ता बदली,विपक्ष बदला,लेकिन जानकारी नहीं बदली
यह मामला इसलिए भी रोचक हो जाता है क्योंकि पिछले 13 वर्षों में प्रदेश की राजनीति कई बार करवट बदल चुकी है,2013 से 2018 तक एक सरकार रही, 2018 से 2023 तक दूसरी सरकार रही, फिर सत्ता दोबारा बदली, लेकिन किसी भी दौर में यह जानकारी सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा नहीं बनी, आज विपक्ष सवाल पूछ रहा है,लेकिन जनता पूछ रही है कि जब विपक्ष पांच साल तक खुद सरकार में था, तब उसे भी यह नियम क्यों याद नहीं आया? और सत्ता पक्ष से भी सवाल है कि यदि यह नियम इतना स्पष्ट था तो वर्षों तक इसकी जानकारी लाभार्थियों तक क्यों नहीं पहुंचाई गई?
असल विवाद मंगलसूत्र का नहीं,सूचना का है…
इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ी विफलता यदि कहीं दिखाई देती है तो वह सूचना प्रबंधन की है, सरकारी योजनाओं में अक्सर यही होता है, आदेश राजधानी में निकलता है,फाइल जिलों तक पहुंचती है,बैठकों में पढ़ा जाता है, निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज होता है,लेकिन जिस व्यक्ति के लिए योजना बनाई गई है, उसे इसकी जानकारी नहीं मिलती,यहां भी कुछ ऐसा ही दिखाई देता है, यदि विवाह से पहले लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से बता दिया जाता कि योजना में चांदी का मंगलसूत्र शामिल नहीं है,तो क्या यह विवाद पैदा होता? संभवतः नहीं,यदि आवेदन पत्र, सूचना पुस्तिका,विवाह पूर्व बैठक और कार्यक्रम स्थल पर यह बात लिखी होती,तो क्या सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होते? शायद नहीं।
सरकारी खंडन या सरकारी स्वीकारोक्ति?
राजनीति में अक्सर ऐसा होता है कि किसी आरोप का जवाब देते-देते जवाब देने वाला ही नया तथ्य उजागर कर देता है, यह मामला भी कुछ वैसा ही दिखाई देता है,विभाग यह साबित करना चाहता था कि सामूहिक विवाह में कोई अनियमितता नहीं हुई,लेकिन उसी सफाई में यह भी बताया गया कि सामग्री गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरी थी,अब जनता असमंजस में है,एक तरफ कहा जा रहा है कि आरोप गलत हैं,दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि सामग्री में कमी थी,ऐसे में आम आदमी यही पूछ रहा है साहब, अगर माल बढि़या था तो पैसा क्यों काटा गया? और अगर पैसा काटा गया तो शिकायत करने वाले झूठे कैसे हो गए?
मंगलसूत्र नहीं,भरोसे की परीक्षा
भारतीय समाज में मंगलसूत्र केवल आभूषण नहीं होता,यह विवाह का प्रतीक माना जाता है,भावनाओं से जुड़ा होता है,गरीब परिवार की बेटी जब सरकारी योजना के तहत विवाह करती है तो उसके लिए दिया गया हर सामान सम्मान का प्रतीक होता है,ऐसे में यदि गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं तो मामला केवल धातु या डिजाइन का नहीं रह जाता,यह भरोसे का विषय बन जाता है,योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की मदद करना है,लेकिन यदि लाभार्थी ही संतुष्ट नहीं दिखें तो योजना की छवि प्रभावित होना स्वाभाविक है।
ठेकेदार मॉडल बनाम सम्मान मॉडल
पूरे विवाद का सबसे महत्वपूर्ण पहलू खरीद प्रक्रिया है सवाल यह है कि सामान खरीदा किस आधार पर गया? गुणवत्ता की जांच कब हुई? यदि जांच बाद में हुई तो वितरण से पहले क्यों नहीं? क्या सामग्री का परीक्षण हुआ था? क्या गुणवत्ता प्रमाणन मौजूद है? क्या खरीद समिति ने भौतिक सत्यापन किया था? ये वे प्रश्न हैं जिनका जवाब प्रेस विज्ञप्ति में नहीं मिलता, और यही कारण है कि विवाद समाप्त होने के बजाय और गहरा होता दिखाई देता है।
चार महीने तक सब शांत था,फिर अचानक बवाल क्यों?
यह भी दिलचस्प प्रश्न है, फरवरी में विवाह हुआ, मार्च निकल गया, अप्रैल निकल गया, मई भी बीत गया,फिर जून आते-आते मामला अचानक सुर्खियों में कैसे आ गया? क्या लाभार्थियों ने बाद में शिकायत की? क्या राजनीतिक दलों ने इसे मुद्दा बनाया? क्या किसी ने वीडियो वायरल कर दिया? या फिर चुनावी मौसम की आहट ने इस मामले को नया जीवन दे दिया? इन सवालों का जवाब अभी किसी के पास नहीं है।
सबसे बड़ा नुकसान किसका?
राजनीतिक दल अपना पक्ष रखेंगे,अधिकारी अपना बचाव करेंगे, विपक्ष सवाल पूछेगा,सरकार जवाब देगी,लेकिन सबसे बड़ा नुकसान उस योजना की विश्वसनीयता का होता है,जिसे गरीब परिवारों के लिए बनाया गया है, जब लाभार्थी योजना से जुड़ी सामग्री को लेकर असंतोष जताते हैं तो भविष्य के लाभार्थियों का भरोसा भी प्रभावित होता है।
अब निगाहें प्रशासन पर…
विभाग का खंडन आ चुका है,लेकिन अब जनता को केवल खंडन नहीं, पारदर्शिता चाहिए,यदि जांच हुई थी तो रिपोर्ट सार्वजनिक हो,यदि गुणवत्ता में कमी मिली थी तो संबंधित आपूर्तिकर्ता पर क्या कार्रवाई हुई? यदि भुगतान काटा गया तो किन वस्तुओं में कमी पाई गई? इन प्रश्नों का स्पष्ट उत्तर ही विवाद को समाप्त कर सकता है।
माला अभी पूरी नहीं हुई…
सरकारी प्रेस विज्ञप्ति ने विवाद को दबाने की कोशिश जरूर की है, लेकिन इसके साथ ही कुछ ऐसे तथ्य भी सामने रख दिए हैं जिन्होंने नए सवाल खड़े कर दिए हैं, एक तरफ सरकार कह रही है कि सब कुछ नियमानुसार हुआ, दूसरी तरफ दस्तावेज खुद बता रहा है कि सामग्री मानक के अनुरूप नहीं थी और भुगतान में कटौती करनी पड़ी,यानी कहानी का अंतिम अध्याय अभी लिखा जाना बाकी है,फिलहाल खड़गवां के सामूहिक विवाह कार्यक्रम से निकला यह विवाद यही संदेश दे रहा है कि गरीब बेटियों के सम्मान की माला में यदि एक भी कड़ी कमजोर होगी, तो सवालों की पूरी माला तैयार होने में देर नहीं लगेगी, और अभी ऐसा लगता है कि मंगलसूत्र का विवाद खत्म नहीं हुआ है, बस सरकारी खंडन और जनसवालों के बीच अगली कड़ी का इंतजार कर रहा है।


Share

Check Also

खड़गवां@ जल जीवन मिशन या ‘जल इंतजार मिशन’?

Share दो साल से अधूरी पानी टंकी बनी ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए खतराकरोड़ों …

Leave a Reply