
लखनपुर,02 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सामदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लखनपुर में गर्भवती महिलाओं एवं अन्य मरीजों को एक्सपायरी दवाएं वितरित किए जाने संबंधी स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया में प्रसारित खबर को स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तरह निराधार बताया है।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ओपी प्रसाद ने शनिवार को जारी आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि उक्त समाचार की सूचना मिलते ही तुरंत जांच की गई। जांच में पाया गया कि किसी भी व्यक्ति को एक्सपायरी दवा वितरित नहीं की गई है।
बयान में बताया गया कि फार्मासिस्ट द्वारा आयरन फोलिक एसिड सिरप का वितरण किया गया था। समाचार में जिस नंबर को एक्सपायरी तिथि बताया गया, वह वास्तव में दवा का लाइसेंस नंबर है। इसका विवरण इस प्रकार है—
लाइसेंस नंबर — CG/28.01.2022
निर्माण तिथि — जुलाई 2025
अवसान तिथि — दिसंबर 2026
इसके अलावा विटामिन-ए की 25 शीशियां डिस्पोजल के लिए अलग से बरामदे में रखी गई थीं, जिन्हें पहले ही नष्ट कर दिया जा चुका है। इस लापरवाही को लेकर संबंधित फार्मासिस्ट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्थानीय मीडिया द्वारा त्रुटिपूर्ण तरीके से समाचार का प्रसारण किया गया, जो निराधार होने के साथ-साथ संस्था की छवि धूमिल करने वाला है।विभाग इसका खंडन करता है।
उन्होंने समस्त नागरिकों से अपील की कि सामदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लखनपुर में राज्य सरकार की ओर से प्राप्त सभी दवाइयों का गुणवत्तापूर्ण भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित किया जाता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur