Breaking News

प्रतापपुर/रायपुर@ सरगुजा संभाग की कमान नवीन जायसवाल को, प्रदेश संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

Share

-संवाददाता-
प्रतापपुर/रायपुर,02 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्व अन्य पिछड़ा वर्ग समाज के संगठन विस्तार अभियान के तहत सरगुजा संभाग की जिम्मेदारी नवीन जायसवाल को सौंप दी गई है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार उन्हें सरगुजा संभाग का संभागीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां एवं शुभकामनाएं मिल रही हैं। प्रदेश कार्यालय रायपुर से जारी नियुक्ति आदेश में बताया गया है कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने,समाज को संगठित करने तथा अन्य पिछड़ा वर्ग समाज के हितों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश में उल्लेख है कि प्रदेश स्तर पर समाज प्रमुखों एवं पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श और सर्वसम्मति के बाद यह निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू की अनुशंसा पर जारी इस नियुक्ति आदेश के अनुसार नवीन जायसवाल से अपेक्षा की गई है कि वे सरगुजा संभाग में संगठन का विस्तार करेंगे, समाज के लोगों को एकजुट करेंगे तथा शिक्षा, सामाजिक जागरूकता,अधिकारों की रक्षा और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद सरगुजा संभाग सहित विभिन्न जिलों के समाजजनों ने नवीन जायसवाल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। समाज के लोगों ने कहा कि वे लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और संगठन को मजबूत करने का अनुभव रखते हैं। नवीन जायसवाल ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि अन्य पिछड़ा वर्ग समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ते हुए समाज के हितों,अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए मजबूती से कार्य किया जाए। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़कर सामाजिक एकता और विकास को नई गति देने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस नियुक्ति को सरगुजा संभाग में संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नवीन जायसवाल के नेतृत्व में संगठन और अधिक सक्रिय होकर समाज की उन्नति एवं जनहित के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगा।


Share

Check Also

रायपुर@ रायपुर में 14.555 किलो गांजा जब्त,4 गिरफ्तार

Share पान मसाला की पैकिंग और टेप में छिपाकर रखी थी गांजे की खेपरायपुर,23 सितम्बर …

Leave a Reply