Breaking News

अंबिकापुर@बूथ-पंचायत समितियां होंगी कांग्रेस संगठन की सबसे मजबूत कड़ी: टीएस सिंहदेव

Share

धौरपुर और लुंड्रा ब्लॉक की विस्तारित बैठक में संगठन सृजन अभियान पर जोर, हर बूथ पर वोट बढ़ाने का लक्ष्य

अंबिकापुर ,02 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव और जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने रविवार को धौरपुर एवं लुंड्रा ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की विस्तारित बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठकें धौरपुर पैलेस तथा ग्राम जरहाडीह में किसान कांग्रेस लुंड्रा के ब्लॉक अध्यक्ष पवन साय के निवास पर आयोजित हुईं।
संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित बैठकों में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी के सदस्य, मंडल अध्यक्ष, बूथ एवं पंचायत कमेटियों के प्रमुख शामिल हुए। इस दौरान संगठन की जिम्मेदारियों के समन्वय और बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य प्रत्येक बूथ के हर मतदाता से सीधा संपर्क स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना और उसी आधार पर संगठनात्मक कार्यक्रम तय करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी या बड़े पदाधिकारी हर मतदाता तक नहीं पहुंच सकते, लेकिन बूथ अध्यक्ष और उनकी टीम लगातार संपर्क बनाए रख सकती है। उन्होंने दावा किया कि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होने से पार्टी अपने मुद्दों और भाजपा सरकार की विफलताओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में सक्षम होगी।
जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि नवगठित बूथ एवं पंचायत कमेटियां अब कांग्रेस संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। उन्होंने कहा कि इन समितियों के कार्यों का मूल्यांकन ही भविष्य में संगठनात्मक जिम्मेदारियों और पदोन्नति का आधार बनेगा। साथ ही उन्होंने प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस के मतों में निश्चित बढ़ोतरी का लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया।
बैठक में पीसीसी सदस्य सोमेश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व विधायक रामदेव राम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, धौरपुर ब्लॉक प्रभारी राजीव सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम प्रताप सिंह एवं प्रदीप गुप्ता, जमील खान, गंगा सिंह, अमित सिंह, सूरज यादव, पवन साय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share

Check Also

खड़गवां@ जांच या शिकायतकर्ता से जवाब-तलब? एफएमडी टीकाकरण जांच पर उठे नए सवाल

Share रायपुर से आई जांच समिति के रवैये पर शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप,फोन पर …

Leave a Reply