Breaking News

अम्बिकापुर @ जयस्तंभ चौक पर बड़ा हादसा टला

Share


:

बीच सड़क में गिरा बिजली का मोटा केबल,घंटों दांव पर रही लोगों की जान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)।
शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल जयस्तंभ चौक से पैलेस रोड जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली पोल में आग लगने के बाद अचानक एक भारी-भरकम बिजली केबल टूटकर सड़क के बीचों-बीच गिर गया। घटना के समय मार्ग पर लगातार दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही जारी थी, ऐसे में किसी भी क्षण गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोल में अचानक चिंगारी और आग लगने के बाद मोटा केबल टूटकर सड़क पर लटक गया। केबल सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक फैल गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी गंभीर थी कि यदि केबल में करंट प्रवाहित रहता या कोई वाहन उससे टकरा जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना स्थल शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में होने के कारण आसपास बड़ी संख्या में दुकानदार, ग्राहक और राहगीर मौजूद थे। लोगों ने तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस और विद्युत विभाग की टीम पहुंची। पुलिस ने एहतियात के तौर पर यातायात को नियंत्रित किया और लोगों को केबल से दूर रहने की सलाह दी।
स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से भारी-भरकम बिजली बिल और मेंटेनेंस शुल्क वसूला जाता है, लेकिन जर्जर तारों और उपकरणों की समय पर मरम्मत नहीं की जाती। लोगों का कहना है कि यदि नियमित निरीक्षण और रखरखाव किया जाता तो ऐसी खतरनाक स्थिति उत्पन्न नहीं होती। नागरिकों ने मांग की है कि शहर के पुराने और जर्जर बिजली तारों का सर्वे कर उन्हें तत्काल बदला जाए तथा इस घटना की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। फिलहाल समय रहते स्थिति नियंत्रित हो जाने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Share

Check Also

बलरामपुर@ विश्व पर्यावरण दिवस पर चिल्ड्रन पार्क में पौधरोपण

Share ,कलेक्टर,एसपी और डीएफओ ने दिया हरियाली का संदेश-संवाददाता-बलरामपुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)। विश्व पर्यावरण दिवस …

Leave a Reply