Breaking News

अम्बिकापुर@एकलव्य विद्यालय की बदहाली पर पहली कार्रवाई,प्राचार्य हटाए गए…

Share


छात्राओं के पैदल कलेक्टोरेट पहुंचने के बाद प्रशासन सख्त अधीक्षिका को नोटिस;तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बतौली ब्लॉक के शिवपुर कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में लंबे समय से बनी अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्राओं के करीब 30 किलोमीटर पैदल कलेक्टोरेट पहुंचने के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नाराजगी के बाद कलेक्टर अजीत वसंत ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। जांच शुरू होते ही विद्यालय के प्राचार्य को हटा दिया गया है, जबकि छात्रावास अधीक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। करीब 100 छात्राएं 7 सितंबर को विद्यालय से अपनी समस्याएं लेकर कलेक्टर से मिलने पैदल निकल पड़ी थीं। करीब 20 किलोमीटर तक पैदल चलने के बाद सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ललित शुक्ला ने छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें समस्याएं बताने के लिए कहा, लेकिन छात्राओं ने रास्ते में रुकने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वे कलेक्टर से मिलकर ही अपनी बात रखेंगी। इसके बाद प्रशासन ने बस की व्यवस्था कर छात्राओं को अंबिकापुर पहुंचाया। कलेक्टर के सामने छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल में करीब एक माह से बिजली की समस्या है। पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। मेस में साफ-सफाई का अभाव है। इसके अलावा फिजिक्स और केमिस्ट्री की पढ़ाई को लेकर भी छात्राओं ने शिकायत की।
प्राचार्य बदले, अधीक्षिका से मांगा जवाब : जांच के मद्देनजर प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को आगामी आदेश तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास अंबिकापुर में कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है। वहीं पीजीटी अंग्रेजी प्रतीक्षा त्रिपाठी को शिवपुर कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य का दायित्व सौंपा गया है।
पीजीटी हिंदी अरविंद अशोक तिग्गा को उनके मूल पदस्थापन स्थल एकलव्य विद्यालय मैनपाट के लिए कार्यमुक्त किया गया है। छात्रावास अधीक्षिका आयुषी सोनी को शासकीय कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। साथ ही विद्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के वेतन का भुगतान अब कलेक्टर एवं जिला स्तरीय समिति के अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद ही करने के निर्देश दिए गए हैं। तीन सदस्यीय जांच समिति अब विद्यालय में बिजली, पानी, भोजन, साफ-सफाई, शिक्षण व्यवस्था और छात्रावास प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों की जांच करेगी।
सीएम ने लिया संज्ञान, कहा-यह स्थिति स्वीकार्य नहीं
छात्राओं के इस तरह पैदल निकलने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चियों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए विद्यालय से पैदल निकलना पड़े, यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।


Share

Check Also

कुसमी/बलरामपुर@ झारखंड के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 7 मवेशी बरामद,दो तस्कर गिरफ्तार

Share कुसमी पुलिस की कार्रवाई में स्थायी वारंटी भी पकड़ाया…मारते-पीटते पैदल ले जा रहे थे …

Leave a Reply