एमएस सिंहदेव अंडर-16 पिंक-बॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। एमएस सिंहदेव अंडर-16 पिंक-बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में युवा खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों मैचों में जीत दर्ज कर सीडब्ल्यूआरडी और रेस्ट ऑफ सरगुजा की टीम ने फाइनल में जगह बना ली। वहीं सरगुजा रॉयल और विनायकम एकेडमी का सफर सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गया। पहले सेमीफाइनल में रेस्ट ऑफ सरगुजा ने निर्धारित 20 ओवर में 112 रन बनाए। नवीन ठाकुर ने 41 और स्वास्तिक केशरी ने 34 रन की उपयोगी पारी खेली। जवाब में सरगुजा रॉयल की ओर से युग गोयल ने 2 विकेट लेकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरगुजा रॉयल की टीम 104 रन पर सिमट गई। गगन बोस ने 33 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। रेस्ट ऑफ सरगुजा के वेदांता गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और टीम को फाइनल में पहुंचाया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सीडब्ल्यूआरडी ने विनायकम को हराकर बनाई फाइनल में जगह : दूसरे सेमीफाइनल में विनायकम एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 77 रन बनाए। नैतिक चौधरी ने सर्वाधिक 40 रन की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। सीडब्ल्यूआरडी की ओर से स्पिनर रूद्र प्रताप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। जवाब में सीडब्ल्यूआरडी ने लक्ष्य को 12वें ओवर में ही हासिल कर फाइनल का टिकट कटाया। रूद्र प्रताप सिंह ने 14 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी लिए और मैन ऑफ द मैच बने। संघ के सचिव विनीत जायसवाल ने कहा कि टूर्नामेंट युवा खिलाडिय़ों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। अब फाइनल मुकाबला सीडब्ल्यूआरडी और रेस्ट ऑफ सरगुजा के बीच खेला जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur