स्कॉर्पियो से 385 लीटर डीजल जब्त,दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
-संवाददाता-
बसंतपुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले की बसंतपुर पुलिस ने अवैध रूप से डीजल परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 385 लीटर डीजल जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को थाना प्रभारी बसंतपुर को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक ष्टत्र-16 ष्टश्व-9790 में अवैध डीजल भरकर उत्तर प्रदेश के आसनडीह क्षेत्र से बसंतपुर थाना क्षेत्र के स्याही गांव की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
एमसीपी प्वाइंट पर घेराबंदी कर पकड़ा वाहन
मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना बसंतपुर के सामने एमसीपी (मोटर चेकिंग प्वाइंट) लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बताए गए नंबर की स्कॉर्पियो वहां पहुंची, जिसे रोककर पुलिस ने जांच की। वाहन में सवार चालक गुल्लु कनौजिया (38 वर्ष) निवासी ग्राम स्याही तथा उसके साथी राहुल जायसवाल (22 वर्ष) निवासी मेदारी थाना बसंतपुर से पूछताछ की गई।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 11 जरीकेनों में भरा हुआ कुल 385 लीटर डीजल बरामद हुआ।
करीब 40 हजार रुपये मूल्य का डीजल जब्त
पुलिस ने बरामद डीजल की अनुमानित कीमत 39 हजार 655 रुपये बताई है। साथ ही डीजल परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया। आरोपियों से डीजल के वैध दस्तावेज और परिवहन संबंधी अनुमति मांगी गई, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
ईसी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत धारा 3 एवं 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 2 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अवैध ईंधन कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन और कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर माना जा रहा है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध ईंधन की तस्करी रोकने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur