-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया है। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि धैर्य,अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम की भी परीक्षा होती है। देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं।
वर्षों की मेहनत का महत्वपूर्ण पड़ाव : उन्होंने कहा कि परीक्षा का दिन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत,समर्पण और संघर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। अभ्यर्थियों ने जिस प्रतिबद्धता और लगन के साथ इस मुकाम तक का सफर तय किया है, वह प्रेरणादायक है। मंत्री ने युवाओं से शांत मन और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने की अपील करते हुए कहा कि स्वयं पर विश्वास रखना ही सफलता की पहली शर्त है।
तनाव मुक्त होकर दें परीक्षा : मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि बड़ी उपलब्धियां निरंतर प्रयास, दृढ़ इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच से हासिल होती हैं। यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार का तनाव न लें और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
असफलता अंत नहीं : राजेश अग्रवाल : उन्होंने कहा कि असफलता कभी अंतिम नहीं होती और सफलता भी स्थायी नहीं होती। निरंतर सीखते रहना और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना ही युवाओं को आगे बढ़ाता है। हर अनुभव व्यक्ति को और अधिक मजबूत बनाता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur