कपड़ों के आधार पर परिजनों ने की पहचान,डीएनए जांच से होगी पुष्टि

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 मई 2026 (घटती-घटना)। धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमोनी और बिलमा के बीच जंगल में युवक और किशोरी का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि यह कंकाल करीब छह साल पहले लापता हुए प्रेमी जोड़े के हो सकते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमोनी निवासी एक युवक और किशोरी फरवरी 2020 से अचानक लापता हो गए थे। दोनों के गायब होने के बाद परिजनों ने काफी तलाश की,लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि दोनों पहले भी घर से भाग चुके थे, तब पुलिस ने उन्हें खोजकर परिजनों को सौंप दिया था। परिजनों ने करीब दो वर्षों तक अपने स्तर पर खोजबीन की। बाद में युवक के पिता ने 13 मई 2023 को धौरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तब से पुलिस भी मामले की जांच कर रही थी।
चूहा पकडऩे के दौरान बाहर निकला कंकाल : शुक्रवार को ग्राम जमोनी और बिलमा के बीच जंगल में कुछ ग्रामीण बिल खोदकर चूहा पकड़ रहे थे। इसी दौरान जमीन के अंदर से मानव कंकाल का हिस्सा बाहर निकल आया। यह देख ग्रामीण घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। जांच के दौरान वहां से युवक और किशोरी के कंकाल के अवशेष मिले।
कपड़ों से की पहचान : पुलिस ने प्रथम दृष्टया आशंका के आधार पर लापता युवक और किशोरी के परिजनों को मौके पर बुलाया। कंकाल के पास मिले कपड़ों और अन्य सामान को देखकर परिजनों ने उनकी पहचान बिनोद कोरवा और ज्योति के रूप में की। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह केवल प्रारंभिक पहचान है। डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से पुष्टि हो सकेगी कि कंकाल किसके हैं।
आज कराया जाएगा पोस्टमार्टम : धौरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों कंकालों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में हड्डियों पर किसी प्रकार के चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur