विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रायपुर में मिला राज्य स्तरीय विशेष सम्मान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 मई 2026 (घटती-घटना)। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी,जिला शाखा सरगुजा की आजीवन सदस्य आकांक्षा श्रीवास्तव को नेत्रदान,अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सभाकक्ष, मेकाहारा हॉस्पिटल परिसर रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। कार्यक्रम राज्यपाल एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष रमेन डेका के संरक्षण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव सहित अन्य मौजूद रहे। राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू, वाइस चेयरमैन रुपेश कुमार पाणिग्राही एवं कोषाध्यक्ष संजय पटेल के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। रेड क्रॉस सोसायटी के अनुसार नेत्रदान, अंगदान और देहदान के क्षेत्र में जनजागरूकता एवं मानव सेवा के लिए पूरे छत्तीसगढ़ से केवल सरगुजा जिला शाखा की सदस्य आकांक्षा श्रीवास्तव को यह विशेष सम्मान दिया गया। इसे सरगुजा जिले और रेड क्रॉस परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से आए करीब 2800 प्रतिभागियों,स्वयंसेवकों,छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान रक्तदान,अंगदान,मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कई जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य स्तरीय आयोजन में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा सरगुजा की ओर से छात्राओं की टीम ने भी हिस्सा लिया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर की 21 छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम,क्षेत्रीय गीत आधारित समूह नृत्य, अंगदान विषय पर नाटक और चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा सरगुजा के चेयरमैन आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने आकांक्षा श्रीवास्तव को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे सरगुजा जिले के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी हमेशा मानव सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रही है। जिला शाखा के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और सदस्यों ने भी आकांक्षा श्रीवास्तव एवं कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur