
चिरमिरी में कांग्रेस का धरना, आमसभा और चक्का जाम, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और महापौर पर जमकर हमला
चिरमिरी,08 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर की जर्जर सड़कों,लगातार गहराते पेयजल संकट, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों,विकास कार्यों में रुकावट और बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस के नेतृत्व में विशाल धरना-प्रदर्शन, आमसभा और चक्का जाम आंदोलन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता,महिला कांग्रेस पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए,आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और महापौर रामनरेश राय पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चिरमिरी को सुनियोजित तरीके से विकास से वंचित किया जा रहा है।
चिरमिरी में कांग्रेस का यह आंदोलन केवल विरोध प्रदर्शन नहीं बल्कि जनता की नाराजगी को राजनीतिक स्वर देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन इन आरोपों और जनसमस्याओं को गंभीरता से लेकर ठोस समाधान करेंगे,या फिर शहर की जनता इसी तरह बदहाल सड़कों,पानी संकट और अधूरे विकास के बीच संघर्ष करती रहेगी।
बदहाली बन गई पहचान
उप नेता प्रतिपक्ष एम डी इकराम ने कहा कि भाजपा शासन में चिरमिरी की पहचान विकास नहीं बल्कि बदहाली और उपेक्षा बनकर रह गई है,उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव के नाम पर भाजपा को अवसर दिया था,लेकिन अब लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधि केवल घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त हैं,जबकि शहर की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है,उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों की हालत बदतर हो चुकी है,पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है और स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं,लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानी दिखाई नहीं दे रही,उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस अब जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
भाजपा नेताओं को जनता की परेशानी नहीं दिखती
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी के अध्यक्ष शिवांश जैन ने मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और महापौर रामनरेश राय को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग चिरमिरी को केवल राजनीति का माध्यम समझ रहे हैं,उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की सड़कें बदहाल हैं, पानी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है,लेकिन मंत्री और महापौर जनता की समस्याओं पर मौन साधे हुए हैं,व्यंग्यात्मक अंदाज में उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का ध्यान जनता की समस्याओं से ज्यादा फोटो खिंचवाने और राजनीतिक प्रचार में लगा हुआ है।
विकास पूरी तरह ठप्प
पूर्व विधायक विनय जायसवाल ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान शासनकाल में चिरमिरी का विकास पूरी तरह ठप हो गया है,उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अपने पद का उपयोग जनहित के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध के लिए कर रहे हैं,उन्होंने कहा कि नगर निगम की स्थिति बदहाल हो चुकी है और महापौर रामनरेश राय नगर निगम संचालन में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं,उन्होंने कहा कि शहर में न सड़क है, न पानी,न सफाई की समुचित व्यवस्था,लेकिन भाजपा नेता विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।
महिलाएं पानी के लिए रोज संघर्ष कर रहीं…
नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा ने कहा कि महिलाओं को रोज पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है,कई मोहल्लों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं,लेकिन नगर निगम और भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है,उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा
पार्षद राहुल पटेल ने आरोप लगाया कि नगर निगम पूरी तरह भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है और विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, वहीं पार्षद शहाबुद्दीन ने कहा कि भाजपा नेताओं की निष्कि्रयता के कारण शहर की मूलभूत सुविधाएं चरमरा चुकी हैं,पार्षद सनी चौथा ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और आने वाले समय में इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
कार्यक्रम में उमाशंकर अलगमकर, सुभाष देवनाथ, राजकुमार दुबे,प्रताप चौहान,रज्जाक खान,क्रांति चौहान,शारदा सिंह,शहीद महमूद,रेशम त्रिपाठी,उदय सिंह,रवि बिरहा,गणेश वर्मा,खुशी हजारा, मैकेन अली, प्रिंस शाही सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनता के बीच राजनीतिक संदेश देने की कोशिश
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस आंदोलन के जरिए भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सीधे जनता के बीच घेरने की रणनीति पर काम कर रही है, चिरमिरी में लगातार उठ रही सड़क,पानी और बिजली जैसी समस्याओं को कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया है,आने वाले समय में यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो यह मुद्दा और ज्यादा राजनीतिक रूप ले सकता है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें, आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और सरकार के सामने कई प्रमुख मांगें रखीं-
चिरमिरी की सभी मुख्य सड़कों का तत्काल पक्कीकरण किया जाए…
पेयजल संकट का स्थायी समाधान निकाला जाए…
एसईसीएल द्वारा विकास कार्यों पर लगी रोक हटाई जाए…
बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू किया जाए…
शहर को उसका विकास और अधिकार दिलाया जाए…
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur