Breaking News

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी@ हीटवेव में बच्चों की परीक्षा…

Share

  • क्या मुख्यमंत्री का आदेश केवल निजी स्कूलों तक सीमित?
  • एमसीबी में समर कैंप पर बड़ा सवाल,आदेश और वास्तविकता के बीच टकराव
  • हीटवेव में समर कैंप : मनेन्द्रगढ़ के आत्मानंद स्कूल में आदेशों की अनदेखी,बच्चों की सेहत पर संकट
  • भीषण गर्मी में भी खुला स्कूल क्या सरकार का अवकाश आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित
  • लू के बीच प्रतियोगिता एमसीबी में शिक्षा विभाग ने बच्चों को झोंका तपती धूप में
  • सुबह 8 से शाम 4 तक बच्चे स्कूल में समर कैंप बना जोखिम,अभिभावकों में आक्रोश
  • सरकारी आदेश धरे रह गए,शासकीय स्कूलों में जारी गतिविधियां—जवाबदेही पर सवाल
  • क्या नियम सिर्फ निजी स्कूलों के लिए…शासकीय संस्थानों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
  • बजट खर्च या बच्चों की कीमत…भीषण गर्मी में प्रतियोगिताओं पर गहराया विवाद


मनेन्द्रगढ़/एमसीबी,29 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है,तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय हालात ऐसे बन रहे हैं कि सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो चुका है, इसी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर-अनुदान प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया था,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं इस घोषणा के दौरान स्पष्ट किया था कि छात्रों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा,लेकिन एमसीबी जिले से सामने आई स्थिति इन दावों के ठीक विपरीत नजर आती है,यहां शिक्षा विभाग द्वारा भीषण गर्मी के बीच ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिताओं और समर कैंप का आयोजन कराया जा रहा है, जिससे न केवल आदेशों की अनदेखी का मामला सामने आया है,बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।
तपती दुपहरी में समर कैंप का आयोजन बच्चों की मजबूरी या व्यवस्था की लापरवाही
जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के आत्मानंद स्कूल सहित अन्य शासकीय स्कूलों में आयोजित किए जा रहे समर कैंप में बच्चों को सुबह 8 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, यह वही समय है जब तापमान अपने चरम पर होता है और लू का प्रभाव सबसे अधिक रहता है, एक ओर प्रशासन आम नागरिकों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दे रहा है, वहीं दूसरी ओर मासूम बच्चों को प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के नाम पर स्कूल बुलाया जा रहा है, यह स्थिति सीधे तौर पर बच्चों के स्वास्थ्य के साथ जोखिम लेने जैसी प्रतीत होती है, अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों को इतनी देर तक गर्मी में रोकना खतरनाक है, कई अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि बच्चों को प्रतियोगिता और प्रमाणपत्र के नाम पर आकर्षित किया जा रहा है,जिससे वे मजबूरी में अपने बच्चों को भेज रहे हैं।
सरकारी आदेशों की अनदेखी क्या नियम केवल कागजों तक सीमित?
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश स्पष्ट रूप से सभी प्रकार के विद्यालयों पर लागू था,इसमें कहीं भी यह उल्लेख नहीं था कि शासकीय स्कूलों को किसी प्रकार की छूट दी गई है, इसके बावजूद एमसीबी जिले में न केवल समर कैंप आयोजित किया जा रहा है, बल्कि इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, यह स्थिति यह संकेत देती है कि आदेशों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, यदि शासन के निर्देशों का पालन कराने वाली एजेंसियां ही उनका पालन नहीं करेंगी, तो अन्य संस्थानों से पालन की अपेक्षा करना कठिन हो जाता है,यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या सरकार के आदेश केवल ‘टेबल आदेश’ बनकर रह गए हैं—जिनका उद्देश्य केवल औपचारिकता पूरी करना है, न कि वास्तविक क्रियान्वयन।
क्या आदेश केवल निजी स्कूलों पर लागू?
इस पूरे घटनाक्रम ने एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा कर दिया है— क्या स्कूल बंद करने का आदेश केवल निजी स्कूलों के लिए था? यदि ऐसा नहीं है, तो फिर शासकीय स्कूलों में प्रतियोगिताएं क्यों आयोजित की जा रही हैं? क्या शिक्षा विभाग को इस आदेश से छूट प्राप्त है? यह स्थिति दोहरे मापदंड की ओर इशारा करती है, जहां नियमों का पालन चयनात्मक तरीके से किया जा रहा है, इससे न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठता है,बल्कि यह भी संकेत मिलता है कि व्यवस्था के भीतर समन्वय और जवाबदेही की कमी है।
हीटवेव की चेतावनी और स्वास्थ्य जोखिम
मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है,जिसमें विशेष रूप से दोपहर के समय बाहर न निकलने की सलाह दी गई है,चिकित्सकों के अनुसार, इस तरह की गर्मी में बच्चों को लंबे समय तक बाहर या गर्म वातावरण में रखने से हीट स्ट्रोक,डिहाइड्रेशन, चक्कर और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं, बच्चों की शारीरिक क्षमता वयस्कों की तुलना में कम होती है, जिससे वे गर्मी के प्रभाव को जल्दी झेलते हैं, ऐसे में उन्हें सुरक्षित वातावरण में रखना अत्यंत आवश्यक होता है, इन सभी चेतावनियों के बावजूद यदि बच्चों को सुबह से शाम तक स्कूल में रोका जा रहा है, तो यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि गंभीर जोखिम उठाने जैसा है।
शिक्षा विभाग की भूमिका पर सवाल
इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग की भूमिका सबसे ज्यादा सवालों के घेरे में है, एक तरफ विभाग सरकार के आदेशों को लागू करने के लिए जिम्मेदार है, वहीं दूसरी तरफ वही विभाग इन आदेशों की अनदेखी करता नजर आ रहा है, यह स्थिति या तो विभागीय लापरवाही को दर्शाती है या फिर जानबूझकर नियमों को नजरअंदाज करने की प्रवृत्ति को, कुछ स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिताओं का आयोजन वार्षिक बजट खर्च करने और कागजी उपलब्धियां दिखाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, यदि यह आरोप सही हैं, तो यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है क्योंकि इसमें बच्चों की सुरक्षा से अधिक प्राथमिकता वित्तीय औपचारिकताओं को दी जा रही है।
अभिभावकों और समाज में बढ़ता आक्रोश
इस पूरे मामले को लेकर अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है, लोगों का कहना है कि जब सरकार ने स्पष्ट रूप से स्कूल बंद करने का आदेश दिया है, तो बच्चों को स्कूल बुलाना पूरी तरह अनुचित है, अभिभावकों का यह भी कहना है कि यदि इस दौरान किसी बच्चे की तबीयत बिगड़ती है,तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, समाज के बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों का विकास होना चाहिए,न कि उन्हें ऐसी परिस्थितियों में डालना जहां उनकी सेहत खतरे में पड़ जाए।
प्रशासन की चुप्पी और जवाबदेही का अभाव
इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, यह चुप्पी कई सवाल खड़े करती है—क्या प्रशासन इस मामले से अनजान है, या फिर जानबूझकर अनदेखी कर रहा है? यदि प्रशासन को जानकारी है और फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, तो यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, यह न केवल प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है,बल्कि यह भी संकेत देती है कि जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया कमजोर पड़ रही है।
कौशल विकास या औपचारिकता का दबाव
समर कैंप और ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता और कौशल को बढ़ावा देना होता है,लेकिन जब इन्हें भीषण गर्मी में आयोजित किया जाता है, तो उनका उद्देश्य ही बदल जाता है,ऐसे आयोजनों में बच्चों की भागीदारी स्वैच्छिक होनी चाहिए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह आयोजन बच्चों के विकास से अधिक औपचारिकता और दबाव का रूप लेते नजर आ रहे हैं।
तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब आवश्यक हो गया है कि जिला प्रशासन और उच्च अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप करें, ऐसे आयोजनों को तुरंत रोका जाना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भविष्य में किसी भी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा से समझौता न हो, साथ ही,इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि एक स्पष्ट संदेश जाए कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
एमसीबी जिले का यह मामला केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं है, बल्कि यह पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है, जब सरकार बच्चों की सुरक्षा के लिए निर्णय लेती है,तो उसका पालन करना हर स्तर पर अनिवार्य होता है, यदि यही पालन नहीं होगा,तो न केवल आदेशों की विश्वसनीयता खत्म होगी, बल्कि बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाएगी,अंततः सबसे महत्वपूर्ण बात यही है कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की सेहत और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए, अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस पहल की जाती है।


Share

Check Also

दुर्ग-भिलाई@ दुर्ग ट्रिपल मर्डर केस में आरोपी को मौत की सजा

Share पत्नी-बेटी को जिंदा जलाया,खुद को मरा साबित करने मानसिक रोगी का गला घोंटादुर्ग-भिलाई,29 अप्रैल …

Leave a Reply