- हायर सेकेंडरी में सोनहत की रागनी गुप्ता ने जिले में बनाया स्थान
- कलेक्टर कोरिया के शिक्षा के प्रति लगातार सजगता और प्रयासों का दिखा जोर
-संवाददाता-
कोरिया,29 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में कोरिया जिले ने सफलता की एक नई इबारत लिखी है। जिले के शैक्षणिक इतिहास में यह पहला अवसर है जब कक्षा 10वीं की राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में जिले की दो मेधावी छात्राओं ने एक साथ स्थान बनाकर पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
बेटियों ने रचा इतिहास
जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया जब स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, महलपारा (बैकुंठपुर) की छात्रा अंशिका कश्यप ने प्रदेश में 6वां स्थान प्राप्त किया। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर की आलिया परवीन ने राज्य में 7वां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन छात्राओं की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से न केवल उनके परिजनों में हर्ष व्याप्त है, बल्कि पूरे जिले का मस्तक गर्व से ऊँचा हो गया है।
वनांचल विकासखण्ड सोनहत में भी लहराया सफलता का परचम
जिला मुख्यालय के साथ-साथ वनांचल विकासखण्ड सोनहत में भी परीक्षा परिणाम अत्यंत शानदार रहे। यहाँ की होनहार बेटी रागनी गुप्ता ने सर्वाधिक 96 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। रागनी की इस विशेष उपलब्धि पर शिक्षा विभाग ने त्वरित उत्साह दिखाया। परीक्षा परिणाम जारी होते ही विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, प्राचार्य देवदत्त सिंह के साथ रागनी गुप्ता के घर पहुँचे। उन्होंने रागनी को मिठाई खिलाई और मोमेंटो व पुष्प गुच्छ भेंट कर उसे सम्मानित किया। इस अवसर पर बीईओ अरविंद सिंह ने सोनहत की इस सफलता का श्रेय कलेक्टर कोरिया के कुशल मार्गदर्शन, जिला शिक्षा अधिकारी के सहयोग और स्थानीय शिक्षकों के कड़े परिश्रम को दिया।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल
कोरिया जिले की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के कुशल मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व को मुख्य आधार माना जा रहा है। कलेक्टर महोदय के निर्देशन में जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक प्रयास किए गए। इस सफलता का वास्तविक श्रेय जिले के कर्मठ शिक्षकों को जाता है, जिन्होंने प्रशासन के विजन को धरातल पर उतारा और विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए मानसिक व विषयवार तैयार किया।
12वीं बोर्ड में कोरिया प्रदेश भर में अव्वल
उत्साह केवल 10वीं तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी कोरिया जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। यह परिणाम दर्शाते हैं कि जिले की शिक्षण व्यवस्था अब और भी अधिक सशक्त और परिणामोन्मुखी हो चुकी है। जिले भर में आज जश्न का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सोनहत विकासखण्ड के
प्रमुख विद्यालयों का रिपोर्ट कार्ड
सोनहत क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल स्कूलों से लेकर मुख्य केंद्रों तक,विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से शानदार सफलता प्राप्त की है
शत-प्रतिशत (100′) परिणाम वाले स्कूल
हाई स्कूल बंशीपुरः कक्षा 10 वीं का परिणाम 100′ रहा।
– स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल,कटघोड़ीः कक्षा 10 वीं और 12 वीं दोनों में 100′ सफलता।
हायर सेकेंडरी स्कूल सुंदरपुर
कक्षा 10 वीं और 12 वीं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
– हाई स्कूल केशगवाः यहाँ भी विद्यार्थियों ने 100′ परिणाम के साथ सफलता का परचम लहराया।
– कन्या हाई स्कूल सोनहत : छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100′ परिणाम दर्ज किया।
अन्य विद्यालयों का गौरवशाली प्रदर्शन
हायर सेकेंडरी स्कूल सोनहत : कक्षा 10 वीं में 96′ और 12वीं में 96′ अंक प्राप्त कर स्कूल ने अपनी श्रेष्ठता बनाए रखी।
– स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम (सोनहत)ः यहाँ 10वीं का परिणाम 95′ से अधिक रहा।
– हाई स्कूल पुसलाः यहाँ के विद्यार्थियों ने 94′ परिणाम के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
– हाई स्कूल कुशहा : ग्रामीण क्षेत्र के इस स्कूल ने 90′ परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक मजबूती साबित की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur