
2 घंटे चक्काजाम के बाद 9 लाख मुआवजा तय
जनरेटर में दुपट्टा फंसने से हुई थी घटना,परिजनों ने 50 लाख की मांग रखी,लापरवाही के आरोप
अम्बिकापुर 05 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के दर्रीपारा स्थित संकल्प अस्पताल में ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में महिला सुरक्षा गार्ड की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को सडक पर रखकर चक्काजाम कर दिया और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग की। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अस्पताल प्रबंधन ने 9 लाख रुपए मुआवजा देने का आश्वासन दिया,तब जाकर मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार,दर्रीपारा निवासी 26 वर्षीय अनिषा तिग्गा,पति अमित तिग्गा,संकल्प अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। 2 मई को अस्पताल परिसर में लगे जनरेटर में डीजल का स्तर जांचने के दौरान उसके गले में लिपटा दुपट्टा जनरेटर के पंखे में फंस गया। इससे वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल में ही भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा था, लेकिन सोमवार दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई।
सडक पर शव रखकर किया प्रदर्शन : मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजन अस्पताल प्रबंधन से मुआवजे को लेकर चर्चा करने पहुंचे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आक्रोशित हो गए। दोपहर में उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने सडक पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर एसडीएम, सीएसपी व तहसीलदार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अस्पताल प्रबंधन को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे बाद अस्पताल प्रबंधन के पहुंचने और मृतका की बेटी के नाम 9 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
लापरवाही के आरोप,एफआईआर नहीं : परिजनों का आरोप है कि महिला से सुरक्षा गार्ड के अलावा जनरेटर का काम भी कराया जा रहा था,जबकि यह उसकी ड्यूटी में शामिल नहीं था। अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम भी नहीं थे। घटना की सूचना भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस को नहीं दी गई, बल्कि परिजनों ने ही इसकी जानकारी दी। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अबष्ट का कहना है कि ड्यूटी के दौरान हुई मौत को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जा सकता है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक थाने में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur