Breaking News

एमसीबी@अजब गजब : एमसीबी में ‘हवाई’ पाइपलाइन! पुलिया के ऊपर पाइप और बोतल के ढक्कन से रुक रहा जल जीवन का भ्रष्टाचार

Share

  • पुलियों के ऊपर पाइप,सड़कों पर गड्ढेः बड़गांव कला में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी ‘हर घर जल’ योजना
  • सपना या छलावा? बोतल के ढक्कन का सहारा,कीचड़ में बहा ‘जल जीवन’ हवाई पाइपलाइन का खेल
  • अधूरा काम,पूरा भुगतान! ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जिम्मेदार मौन,जनता परेशान

-संवाददाता-
एमसीबी,18 मार्च 2026 (घटती-घटना)। केंद्र सरकार की ‘हर घर जल’ योजना का सपना एमसीबी जिले के दूरस्थ वनांचल ग्राम बड़गांव कला में टूटता नजर आ रहा है, यहाँ जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा संचालित पानी की टंकी तो खड़ी कर दी गई है, लेकिन धरातल पर योजना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ चुकी है, स्थिति यह है कि पाइपलाइन जगह-जगह से फटी हुई है और पानी घरों तक पहुँचने के बजाय रास्तों पर बह रहा है।
बोतल के ढक्कन से ‘कंट्रोल’ हो रहा पानी
ग्राम बड़गांव कला में ठेकेदार और विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि गलियों में नल के ऊंचे-ऊंचे स्टैंड (ठीहे) तो बना दिए गए हैं, लेकिन उनमें टोटी (नल) लगाना ही भूल गए, ग्रामीण मजबूरन खाली पानी की बोतलों को पाइप के मुंह पर फंसाकर और उसके ढक्कन को कसकर पानी रोकने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बावजूद हजारों लीटर साफ पानी प्रतिदिन व्यर्थ बहकर कीचड़ जमा कर रहा है।
योजना में भारी भ्रष्टाचार का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि काम की गुणवत्ता इतनी घटिया है कि शुरू होते ही पाइपलाइन जवाब दे गई, गांव के कई हिस्सों में अभी तक कनेक्शन ही नहीं दिए गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कागजों पर काम पूरा दिखाने के चक्कर में आधे गांव को छोड़ दिया गया है, बिछाई गई पाइपलाइन कई जगहों से क्षतिग्रस्त है, जिससे प्रेशर नहीं बन पा रहा, सौर ऊर्जा प्लांट और टंकी का रख-रखाव करने वाला कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं रहता।
पाइपलाइन बिछाने के नाम
पर खोदे गए गड्ढे नहीं भरे

जल जीवन मिशन की बदहाली का एक और भयावह चेहरा ग्राम बड़गांव कला में देखने को मिल रहा है। पाइपलाइन बिछाने ठेकेदार ने अपनी सुविधा के लिए गड्ढे तो खोद दिए, लेकिन काम खत्म होने के बाद उन्हें नियमानुसार आरसीसी से भरा नहीं गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइप डालने के बाद गड्ढों को मिट्टी से भी ठीक से नहीं भरा गया है, जिससे अंधेरे में इन गड्ढों से दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। बारिश के मौसम में इन रास्तों पर चलना दूभर हो जाएगा।
पुलियों के ‘ऊपर’ से ही बिछा दी पाइपलाइन
एमसीबी जिले के वनांचल ग्राम बड़गांव कला में जल जीवन मिशन के कार्यों में तकनीकी मापदंडों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं,भ्रष्टाचार और जल्दबाजी का आलम यह है कि ठेकेदार ने गांव की छोटी पुलियों के ऊपर से ही पाइपलाइन बिछा दी है, न जमीन खोदी गई और न ही पाइप को सुरक्षा दी गई, बस खुलेआम पुलिया के ऊपर पाइप रखकर काम की ‘इतिश्री’ कर ली गई।
काम का कर दिया गया है भुगतान : सूत्र
सूत्रों से मिल रही जानकारी अनुसार काम का लगभग भुगतान कर दिया गया है, ऐसी स्थिति में काम करने वाले ठेकेदार के द्वारा दुबारा इस कार्य मे सुधार कारया जाएगा या नही यह भी बड़ा सवाल है।
नाम न छापने की शर्त पर एक ग्रामीण ने कहा…
साहब! नल तो लगा दिए लेकिन टोटी गायब है। हम बोतल फंसाकर पानी रोकते हैं। सरकार का पैसा पानी में बह रहा है और हम प्यासे हैं। ‘
ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश
वनांचल क्षेत्र के निवासियों में इस अव्यवस्था को लेकर भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को बार-बार सूचित करने के बाद भी अब तक कोई सुनने वाला नहीं है, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत कर हर घर में नल कनेक्शन सुचारू नहीं किया गया, तो वे जिला मुख्यालय का घेराव करेंगे।


Share

Check Also

बैकुण्ठपुर@ नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा का हमला

Share कहा विपक्ष के स्वार्थ ने रोका ऐतिहासिक मौकाबैकुण्ठपुर प्रेसवार्ता में महापौर संजूदेवी राजपूत का …

Leave a Reply