- गालीबाज DFO पर गिरी गाज : जंगल तस्करी से बदजुबानी तक के आरोपों के बीच बड़ी कार्रवाई
- सत्ता-विपक्ष के दबाव के बीच DFO निलंबित, क्या यह आंदोलन की जीत या सियासी रणनीति?
- दौरे से पहले बड़ा एक्शन : विवादों में घिरे DFO मनीष कश्यप सस्पेंड, उठे कई सवाल
- जनाक्रोश, सियासत और प्रशासन-आखिर क्यों आखिरी वक्त में हुआ DFO का निलंबन?
- MCB में ‘जीरो टॉलरेंस’ का संदेश? मुख्यमंत्री आगमन से पहले विवादित DFO पर कार्रवाई





-न्यूज डेस्क-
रायपुर/मनेन्द्रगढ़ 09 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक सात दिन पहले प्रभारी वन उप संरक्षक मनीष कश्यप के निलंबन ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है, लंबे समय से विवादों और विरोध प्रदर्शनों के केंद्र में रहे अधिकारी पर राज्य शासन ने अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम,1968 के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की है, इस फैसले को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं—कोई इसे विपक्ष के दबाव का परिणाम बता रहा है तो कोई सरकार की सख्त प्रशासनिक छवि का संदेश मान रहा है।
सचिव से बदतमीजी बना निलंबन का मुख्य कारण
मिली जानकारी के अनुसार 23 जनवरी 2026 को भारत सरकार द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की तैयारी को लेकर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव ने फोन पर जानकारी मांगी थी,आरोप है कि इस दौरान डीएफओ मनीष कश्यप ने विभागीय मर्यादा का उल्लंघन करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और वरिष्ठ अधिकारी से दुर्व्यवहार किया, शासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए अनुशासन एवं अपील नियम,1969 के तहत निलंबन आदेश जारी किया, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, अरण्य भवन नवा रायपुर तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
जनपद स्तर के आरोप और प्रशासनिक असंतोष की चर्चा : स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा रही कि कुछ जनपद प्रतिनिधियों के साथ समन्वय को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई थी, हालांकि इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन क्षेत्रीय राजनीति में इसे लेकर लगातार बयानबाजी होती रही है। जानकारों का कहना है कि किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ लगातार शिकायतें सामने आना विभाग के लिए गंभीर संकेत माना जाता है।
मीडिया और जनदबाव की भी रही भूमिका : क्षेत्रीय मीडिया में जंगल तस्करी और प्रशासनिक विवादों से जुड़ी खबरें लगातार प्रकाशित होने के बाद यह मुद्दा व्यापक चर्चा में आ गया था, कई जनप्रतिनिधियों ने इन्हीं खबरों के आधार पर शासन स्तर पर कार्रवाई की मांग उठाई थी। माना जा रहा है कि बढ़ते जनदबाव और राजनीतिक गतिविधियों ने भी इस फैसले को प्रभावित किया।
राजनीतिक मायने और आगे की राह…
निलंबन के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह केवल तात्कालिक कदम है या फिर विभागीय जांच के बाद और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है। कुछ लोग इसे जनता और जनप्रतिनिधियों की जीत बता रहे हैं, जबकि अन्य इसे मुख्यमंत्री दौरे से पहले माहौल शांत करने की रणनीति मान रहे हैं, विशेषज्ञों का कहना है कि अंतिम तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी, यदि आरोप साबित होते हैं तो यह प्रशासनिक जवाबदेही का बड़ा उदाहरण बन सकता है, वहीं यदि आरोपों में दम नहीं मिला तो मामला अलग मोड़ भी ले सकता है।
जंगल तस्करी और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर पहले से विवाद
डीएफओ की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में पहले से ही असंतोष बताया जा रहा था, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने जंगलों की अवैध कटाई, तस्करी और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर कई बार सवाल उठाए थे,पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी इस मुद्दे पर खुलकर मोर्चा खोलते हुए कार्यालय घेराव और ज्ञापन सौंपे थे, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है,लेकिन लगातार उठती शिकायतों और जनाक्रोश को इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कार्रवाई,क्या है संदेश?
16 फरवरी को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले ही यह बड़ा फैसला सामने आने से सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं, कांग्रेस नेताओं ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि विवादित अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बड़ा आंदोलन किया जाएगा,ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह कदम संभावित विरोध को शांत करने के लिए उठाया गया या फिर प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने के लिए सरकार का सख्त संदेश है, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सत्ता और विपक्ष दोनों ही लंबे समय से इस अधिकारी को लेकर असहज थे, इसलिए कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur