मुंगेली,23 अप्रैल 2026। मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है, जिसमें बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे एक दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पति-पत्नी शादी के लिए खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और परिवार पर दःुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम लगरा निवासी इंद्रेश्वर तिवारी (56 वर्ष) और उनकी पत्नी देवेश्वरी तिवारी (48 वर्ष) अपनी बेटी की शादी की तैयारियों को लेकर मुंगेली शहर पहुंचे थे। दोनों ने वहां से कपड़े और शादी से जुड़ा अन्य जरूरी सामान खरीदा और देर शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। परिवार में शादी की खुशियों का माहौल था और सभी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। लेकिन यह खुशियां अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गईं। नवोदय विद्यालय दाबो के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही फास्टरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur