जिला स्तरीय शिक्षा अलंकरण समारोह में शिक्षकों का सम्मान
सूरजपुर,23 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिला मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक भूलन सिंह मरावी उपस्थित रहे, समारोह में जिलेभर के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा प्रेमियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकरण समारोह न केवल शिक्षकों के सम्मान का मंच बना, बल्कि शिक्षा के महत्व और उसमें शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करने का भी एक सशक्त माध्यम साबित हुआ, यह आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरा।
‘शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता-मंत्री का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता होते हैं और उनके समर्पण से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है, उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है और इस आधार को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है, उन्होंने शिक्षकों से नवाचार और लगन के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही बच्चों का शैक्षणिक स्तर ऊँचाइयों तक पहुंचेगा।
जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा सुधार- कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति पर प्रकाश डाला, उन्होंने बताया कि शिक्षकों के निरंतर प्रयास और प्रशासन के मार्गदर्शन से शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हो रहा है, नवाचार, नियमित मूल्यांकन और विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिक्षकों को नवाचार और गुणवत्ता पर जोर देने की अपील
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
विधायक का संदेश—पाठ्यक्रम से आगे बढ़ें शिक्षक-
विधायक भूलन सिंह मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षक सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जो सराहनीय है, उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन और जीवन कौशल से भी जोड़ें, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
सम्मान समारोह बना प्रेरणा का माध्यम
समारोह के दौरान उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और गर्व का माहौल बना रहा,उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ शिक्षकों के कार्यों की सराहना की, सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरे पर आत्मसंतोष और गर्व स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
आभार और समापन
कार्यक्रम के अंत में सहायक संचालक रविंद्र सिंह देव ने सभी अतिथियों,जनप्रतिनिधियों और उपस्थित शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और शिक्षकों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर मुरली मनोहर सोनी,अजय गोयल,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश यादव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान, हरिश राजवाड़े, श्री दीपक गुप्ता, कैलाश सिदार, रवि शंकर बउवा, रितेश जायसवाल, सतीश तिवारी, मनी बग्गा, श्री सत्यनारायण जायसवाल, श्यामू साहू, श्रीमती अनीता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur