-संवाददाता-
अंबिकापुर/दरिमा,23 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में पटवारी कार्यालय में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डालने,पटवारी से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लोहे का चापड़ और घटना में प्रयुक्त हैरियर वाहन जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार,22 अप्रैल को ग्राम कंठी पटवारी हल्का नंबर 03 में पदस्थ पटवारी अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू वहां पहुंचा और आरआई सोहगा का नंबर मांगा। नंबर देने के बाद उसने पटवारी पर दबाव बनाया कि वे अपने मोबाइल से बात कराएं। मना करने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों व कुर्सी से मारपीट कर दी। बताया गया कि इसके बाद आरोपी अपनी कार से चापड़ लेकर आया और पटवारी व चौकीदार को दौड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। दोनों किसी तरह वहां से भागकर सुरक्षित निकले। मामले की शिकायत पर थाना दरिमा में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर थाना दरिमा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ते हुए न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व से आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur