अंबिकापुर,25 अगस्त 2025(घटती-घटना)मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पिछले 25 वर्षों से स्वेच्छक रूप में सेवा दे रहे सफाई कर्मचारियों को हाल ही में ठेकेदार द्वारा काम से बाहर निकाल दिया गया है। ठेकेदार का तर्क है कि इनकी उम्र 50 वर्ष से अधिक हो चुकी है, इसलिए वे अब काम करने योग्य नहीं हैं। यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब अस्पताल प्रबंधन ने एक माह पूर्व सफाई व्यवस्था को ठेके पर सौंप दिया। इन कर्मचारियों में विमला बाई, चंद्रमणि,बेला विश्वकर्मा, लालती कश्यप, हरीनारायण, कवल साय, इंन्दो बाई, राम बाई राजवाड़े, रामकुंवर, किरन यादव, मेहरूनीशा, ललिता चौहान, बसंती गोंड़ और उषा विश्वकर्मा जैसे अनुभवी लोग शामिल हैं, जो पिछले ढाई दशक से बिना किसी शिकायत के सेवा दे रहे थे। कर्मचारियों को पहले ही आशंका थी कि ठेके पर काम जाने से उनकी नौकरी पर असर पड़ेगा, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें समझाइश देकर भरोसा दिलाया था कि किसी को निकाला नहीं जाएगा। इसके बावजूद, ठेकाप्रथा लागू होने के एक माह के भीतर ही 14 से अधिक सफाई कर्मियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। नौकरी से निकाले जाने के बाद ये कर्मचारी दर-दर भटक रहे हैं और आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। सोमवार को जनदर्शन में पहुंचे पीडि़तों ने कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कलेक्टर ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और उन्हें संभाग आयुक्त से संपर्क करने की सलाह दी। इन कर्मचारियों की मांग है कि उनकी सेवा को ध्यान में रखते हुए पुन: बहाल किया जाए और उम्र को बहाना बनाकर किए गए इस अन्याय को रोका जाए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur