Breaking News

अंबिकापुर@व्यापमं आबकारी आरक्षक परीक्षा में अव्यवस्था समय पर पहुंचे कई अभ्यर्थी हुए परीक्षा से वंचित…

Share


अंबिकापुर,27 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (एबीए25) रविवार को जिले के 38 परीक्षा केन्द्रों में संपन्न हुई। हालांकि यह परीक्षा सख्त सुरक्षा व्यवस्था और गाइडलाइंस के साथ आयोजित की गई थी, फिर भी कई अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्रों में समय से पूर्व गेट बंद कर दिए जाने से कई परीक्षार्थी,जो नियत समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच चुके थे,अंदर प्रवेश नहीं पा सके और परीक्षा से वंचित हो गए। इस घटना को लेकर परीक्षार्थियों में आक्रोश व्याप्त है। व्यापमं द्वारा आयोजित इस परीक्षा में कुल 15,819 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से केवल 12,625 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हो सके। शेष 3,194 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की गई थी। इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कई अभ्यर्थी दूर-दराज के इलाकों से परीक्षा देने अंबिकापुर पहुंचे थे। परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए व्यापमं द्वारा सख्त गाइडलाइंस जारी की गई थीं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, लूटूथ, स्मार्टवॉच,ईयरफोन जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। परीक्षा केंद्रों पर फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) की व्यवस्था की गई थी। केंद्र के आसपास नेटवर्क डाउन कर दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के अलावा उडऩदस्ता दल भी तैनात किए गए थे,जो परीक्षा केंद्रों के बाहर लगातार निगरानी कर रहे थे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 10.45 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना था। लेकिन कई केंद्रों पर 10.30 बजे ही गेट बंद कर दिए गए,जिससे दर्जनों परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं मिल पाया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे केंद्र पर 10.30 बजे से पहले ही पहुंच गए थे, लेकिन फिर भी उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। कई अभ्यर्थियों ने केंद्र प्रबंधन से निवेदन भी किया,पर किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
अभ्यर्थियों ने की परीक्षा दोबारा कराने की मांग : परीक्षा से वंचित हुए कई अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन और व्यापमं से मांग की है कि उन केंद्रों की जांच कराई जाए जहां समय से पहले गेट बंद कर दिए गए और नियमानुसार पहुंचे अभ्यर्थियों को अंदर नहीं जाने दिया गया। साथ ही इन छात्रों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित करने की मांग की जा रही है। कुछ परीक्षार्थियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी नाराजगी जाहिर की है।
40 से अधिक परीक्षार्थी रह गए वंचित
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में लगभग 600 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन केवल 485 ही उपस्थित हो सके। इस केंद्र पर करीब 40 ऐसे परीक्षार्थी थे, जिन्होंने समय पर पहुंचने के बावजूद भी परीक्षा में भाग नहीं ले पाए। परीक्षार्थियों ने बताया कि 10.30 बजे गेट बंद कर दिया गया था, जबकि निर्देशानुसार प्रवेश का अंतिम समय 10.45 बजे तक था। परीक्षा से वंचित अभ्यर्थियों ने प्रशासन पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया है।
ड्रेस कोड बना परेशानी का कारण
व्यापमं द्वारा जारी ड्रेस कोड के अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य किया गया था। साथ ही केवल साधारण चप्पल पहनने की अनुमति थी। अभ्यर्थियों को कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की मनाही थी। बावजूद इसके कई परीक्षार्थी फुल-स्लीव कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचे, जिन्हें नियमों का हवाला देकर परीक्षा में शामिल होने से रोक दिया गया। कईयों को परीक्षा केंद्र से वापस लौटना पड़ा।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply