
अंबिकापुर,12 जून 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलदगी के पास गुरुवार की दोपहर 3.30 बजे ट्रैक्टर ने बाइक सवार 3 लोगों को टक्कर मार दी, हादसे में तीनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर मृतकों के परिजन और लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हादसे में तीन लोगों की मौत से उनके परिजन और गांव में मातम पसर गया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी खोजबीन कर रही है।
सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुनगुरी निवासी विजय यादव पिता स्व. दीप यादव 45 वर्ष, सत्यनारायण पिता कंवल साय 62 वर्ष व सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंडरखी निवासी संजय पिता रतिराम 22 वर्ष लखनपुर गुरुवार की दोपहर बाइक क्रमांक सीजी 15 डीवाई- 1686 पर सवार होकर लखनपुर से ग्राम तुनगुरी जा रहे थे।
दोपहर करीब 3.30 बजे वे लखनपुर-बेलदगी मार्ग पर बेलदगी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।
आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में तीनों सडक़ किनारे सिर के बल जा गिरे। हादसे में गंभीर चोटें आने से तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
चालक फरार, पहुंची पुलिस
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को लखनपुर अस्पताल भिजवाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur