अम्बिकापुर,23 मई 2025 (घटती-घटना)। विवाह समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से वापस लौट रहे पिता-पुत्र को विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने ठोकर मार दिया। दुर्घटना में घायल उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करौंधी निवासी जयशंकर पैकरा पिता बैशाखू पैकरा 46 वर्ष की मौत हो गई। मृतक 22 मई को अपने पुत्र अभिमन्यु के साथ मदननगर से श्रीनगर शादी समारोह में शामिल होने बाइक से गया था। ग्राम करौंधी के पास सामने से आ रही बाइक से हुई भिड़ंत में जयशंकर पैकरा को गंभीर चोट आई थी। घायल अवस्था में दोनों पिता-पुत्र को उदयपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद जयशंकर को चिकित्सक ने रेफर कर दिया था। स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे,यहां से आवश्यक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायल को हायर सेंटर रायपुर ले जाने रेफर कर दिया था। स्थिति गंभीर देखकर घायल को शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर स्वजन पहुंचे, यहां इलाज के दौरान अलसुबह 4.45 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।
कीटनाशक का सेवन की- अम्बिकापुर@महिला की इलाज दौरान मौत
अम्बिकापुर,23 मई 2025 (घटती-घटना)। शराब के नशे में वृद्ध महिला कीटनाशक का सेवन कर ली,इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम चंदेली की सचनी पैकरा पति स्व. रामचंदर पैकरा 60 वर्ष, शराब पीने की आदी थी। 15 मई की शाम को लगभग 6 बजे वह अज्ञात कारणों से कीटनाशक का सेवन कर ली। स्वजन उसे प्रतापपुर स्वास्थ्य केन्द्र लेकर गए,यहां से इलाज के बीच 17 मई को चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया था,यहां इलाज के दौरान देर रात 2 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करके मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

- अम्बिकापुर,@ढोढी में डूबने से युवक की मौत

अम्बिकापुर,23 मई 2025 (घटती-घटना)। ढोढी में डूबने से युवक की मौत हो गई। मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्राकला का राजेश राजवाड़े पिता रूपनारायण राजवाड़े 28 वर्ष,शुक्रवार को सुबह करीब 5 बजे घर से शौच के लिए निकला था,इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो स्वजन उसकी खोजबीन में जुटे। इस दौरान ढोढी के पास उसका चप्पल नजर आया। ढोढी को खंगालने पर युवक नजर आया। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो गई थी। सूचना पर मणिपुर थाना पुलिस पहुंची और युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur