सूरजपुर जिले के ग्राम बिसाही पोड़ी स्थित नकटी नाला के पास की घटना
अम्बिकापुर,23 अप्रैल 2025 (घटती-घटना)। यात्रियों से भरी पिकअप पलटने से दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में 20 लोग घायल हो गए। सूरजपुर जिले के ग्राम बिसाही पोड़ी स्थित नकटी नाला मोड़ के पास की है। सभी मालवाहक वाहन में सवार होकर शादी के बाद आयोजित चौथिया भोज कार्यक्रम में शामिल होने ओडग़ी के बिलासपुर गए थे।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम भंडारपारा निवासी तलिंदर राजवाड़े की बेटी की शादी 5 दिन पहले ओडग़ी लॉक के बिलासपुर में हुई थी। शादी के बाद मंगलवार को चौथिया भोज का कार्यक्रम था। चौथिया भोज कार्यक्रम में भंडारपारा गांव से दो दर्जन से अधिक लोग पिकअप में सवार होकर बिलासपुर गए थे। इनमें महिला, पुरुष और कुछ बच्चे भी शामिल थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे चेंद्रा चौकी क्षेत्र के ग्राम बिसाही पोड़ी स्थित नकटी नाला मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि चालक नियंत्रण खो दिया और पिकअप पलट गई। इस दौरान मौके पर चीखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद की। हादसे में गंभीर चोट लगने से पिकअप में सवार दिगंबर राजवाड़े (12) और पुन्नू चेरवा (13) की मौत हुई। हादसे में 20 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची चेंद्रा चौकी पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए भटगांव अस्पताल में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने रामेश्वर, गोविन्द व साहेब की स्थिति को गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इनका इलाज चल रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur