Breaking News

अंबिकापुर@आरक्षक के घर से एके-47 और 90 जिंदा कारतूस की चोरी

Share


अंबिकापुर,03 अप्रैल 2025 (घटती-घटना)। शहर के गांधीनगर निवासी आरक्षक के घर से एके-47 रायफल व 90 कारतूस के अलावा कैश व सोने-चांदी के जेवर की चोरी का मामला सामने आया है। आरक्षक बलरामपुर जिला पंचायत के सीईओ का गनमैन है। वह मंगलवार को घर आया था तथा एके-47 व कारतूस घर में रखकर परिवार सहित गृहग्राम गया था। इसी बीच यह वारदात हो गई। आरक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर के गांधीनगर निवासी आशीष तिर्की आरक्षक है। उसकी पदस्थापना फिलहाल बलरामपुर जिला पंचायत सीईओ के गनमैन की रूप में है। मंगलवार को वह बलरामपुर से घर आया था। इस दौरान उसने उसे आवंटित एके-47 रायफल व 90 जिंदा कारतूस घर में छोड़ रखा था। मंगलवार को ही वह अपने परिजनों के साथ अपने गृहग्राम जशपुर जिला चला गया था। वहां से बुधवार की रात लौटा तो देखा कि घर का ताला खुला हुआ है। भीतर जाकर देखा तो एके-47 रायफल व 90 कारतूस,कैश तथा सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। रात में ही आरक्षक ने मामले की सूचना गांधीनगर थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हडकंच मच गया। आरक्षक ने पुलिस को बताया कि उसने ताला बंद कर चाबी किचन के फ्रिज में रख दी थी। चोरों द्वारा ताला खोलने के बाद फ्रिज से चाबी निकालकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं पुलिस आशंका जता रही है कि किसी परिचित की यह करतूत हो सकती है, क्योंकि फ्रिज में चाबी होने की जानकारी उसे पहले से थी। गुरुवार की दोपहर एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो समेत फॉरेंसिक टीम आरक्षक के घर जांच करने पहुंची। आरक्षक के घर पर सीसीटीवी कैमरा भी लगा है। पुलिस उसे खंगाल रही है। यह भी बात सामने आ रही है कि आरक्षक छुट्टी लेकर आया था या नहीं। यदि छुट्टी लेकर आया था तो उसे नियमत: पुलिस लाइन में हथियार जमा करना था। यदि छुट्टी लेकर नहीं आया था तो क्या वजह थी कि उसने घर पर एके-47 रखा था।


Share

Check Also

रायपुर/बिलासपुर@हाईकोर्ट ने 2015 और 2016 भर्ती को एक साथ जोड़ने पर उठाए सवाल, वरिष्ठता सूची निरस्त

Share सर्वेश यादव, सिद्धार्थ पांडे सहित निजी प्रतिवादियों से जुड़ा मामला, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि …

Leave a Reply