अम्बिकापुर,04 जनवरी 2025 (घटती-घटना)। सिख समाज द्वारा 4 जनवरी को धन-धन गुरु गोविन्द सिंह के 358 वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा अंबिकापुर से शोभायात्रा दोपहर 2 बजे आरंभ हुई। जो सदर रोड होते हुए गुरुद्वारा गुरु नानक निवास बाबूपारा पहुंची वहां से ब्रह्म रोड, संगम चौक, महामाया चौक होते हुए वापस गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंची। शोभायात्रा की शुरुआत गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारे के साथ हुई।
गुरु ग्रन्थ साहिब जी सजी पालकी की अगुवाई खालसा रूप में सजे पंज प्यारे गुरचरण सिंह छाबड़ा, सोनू भामरा, गुरसेवक सिंह, प्रताप सिंह, सोहेल नवराज सिंह बाबरा व निशान साहिब थामे जसमीत सिंह छीना और गुरजोत सिंह ने की। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भिलाई से आई हुई गतका पार्टी थी।
जिसने रास्ते में अपने रण कौशल एवं कला से नगरवासियों का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में जगह-जगह समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों ने बड़े ही श्रद्धा के साथ स्वागत किया। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में वापसी के पश्चात शद कीर्तन व अरदास के पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान रघुवीर सिंह छाबड़ा, सचिव नरेन्द्र सिंह भामरा और पंजाबी युवा समिति के अध्यक्ष अमितोज सिंह टुटेजा ने समूह साध संगत को गुरु पर्व के उपलक्ष में बधाइयां दी। 6 जनवरी को प्रकाश पर्व के अवसर पर समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में आने की अपील की है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा रिंकू और जितेंद्र सिंह सोढ़ी ने दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur