Breaking News

अंबिकापुर,@नए साल के पहले दिन महामाया मंदिर में लगी रही लोगों की भीड़

Share

अंबिकापुर,01 जनवरी 2025 (घटती-घटना)। नए साल के पहले दिन की शुरूआत जहां अधिकांश लोगों की पूजा-अर्चना से की,वहीं पार्कों व पिकनिक स्पॉट्स में लोगों ने दिन बिताया। मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। शहर के संजय पार्क, वाटर पार्क सहित मैनपाट के टाइगर प्वाइंट, दलदली के अलावा घाघीटिकरा, बूढ़ाआमा, घुनघुट्टा डेम, सेदम व अन्य पिकनिक स्पॉट गुलजार रहे। बच्चों ने पार्कों में जहां झूलों का आनंद उठाया तो युवाओं ने दोस्तों के साथ सेल्फी ली। कई लोगों ने अपने पूरे परिवार के साथ पार्कों में ही पिकनिक का आनंद उठाया। बीते साल की कड़वी यादों को भूलकर 1 जनवरी को लोग जगह-जगह अपने परिवार और ईष्ट मित्रों के साथ मिलकर खुशियां मनाई। इस दौरान लोगों ने जमकर मौज-मस्ती की। कुछ परिवारों ने शहर के संजय पार्क, वाटर पार्क में अपनी खुशियां एक-दूसरे से बांटी तो अधिकांश लोग अपने-अपने परिवार के साथ पिकनिक स्पॉट पर पहुंचे। नए साल के पहले दिन अधिकांश लोग अपने-अपने परिवार के साथ नजर आए। नए साल का स्वागत लोगों ने संकल्प व सैर-सपाटे के साथ किया। 31 दिसंबर की रात से ही युवाओं द्वारा जश्र मनाने की तैयारी की गई थी। रात 12 बजते ही पटाखों की आवाज से शहर गुंजायमान हो गया। गल्ली मोहल्लों में डीजे, साउंड सिस्टम व म्यूजिक की धुन पर लोग थिरकते नजर आए। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से संजय पार्क व वाटर पार्क में काफी रौनक देखी गई। पार्क में बच्चों की किलकारियां गूंजती रहीं। यहां सभी ने झूलों का आनंद लिया तो कइयों ने वाटर बोट का मजा लिया, कुछ लोग पार्क में घूमते नजर आए। बच्चों ने यहां विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद उठाया और जमकर मस्ती की। संजय पार्क व वाटर पार्क में युवाओं की काफी भीड़ थी। नए जमाने के साथ यहां भी युवा अपने साथियों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। आधी रात को नए साल का जश्न मनाने के बाद लोगों ने साल के पहले दिन की शुरूआत भगवान के दर्शन से की। अपने-अपने धर्म के अनुसार धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। नए साल के पहले दिन मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। नए वर्ष पर सरगुजा पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतेजाम किए गए थे। 31 दिसंबर की रात से ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किए गए थे। वहीं नए वर्ष के पहले दिन शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पार्कों, पिकनिक स्थल, धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किए गए थे।


Share

Check Also

सीतापुर@तहसील सीतापुर क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन करते 09 वाहन जप्त

Share -संवाददाता-सीतापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग …

Leave a Reply