अम्बिकापुर, 21 नवम्बर 2024 (घटती-घटना)। नाबालिग प्रेमिका ने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह देख प्रेमी ने भी जहर का सेवन कर लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। नाबालिग ने किस वजह से फांसी लगाई, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है। पुलिस ने पीएम पश्चात नाबालिग का शव उसके परिजनों को सौंप दिया है।
कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी 16 वर्षीय एक किशोरी का सरगुजा जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत ग्राम चुकनडांड़ बरपारा निवासी 19 वर्षीय आशीष मिंज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोरी अपनी मौसी के घर अंबिकापुर में रहती थी। घरेलू विवाद पर किशोरी बुधवार को अंबिकापुर से प्रेमी के घर बरपारा पहुंच गई। किसी बात पर युवक की मां ने उससे कहा कि अभी उसके बेटे की उम्र कम है। उसने किशोरी को उसके घर छोडऩे की बात अपने बेटे से कही। इसके बाद वह किसी काम से ग्राम लोसगा चली गई। इसी बीच किशोरी ने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोरी को फांसी पर लटके देख प्रेमी ने भी जहर का सेवन कर लिया। यह बात जब युवक के परिजनों को हुई तो वे उसे तत्काल लखनपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसका इलाज जारी है। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार की सुबह 11 बजे लखनपुर पुलिस ग्राम चुकनडांड़ पहुंची और किशोरी का शव फंदे से उतारकर पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। इधर सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पीएम पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur