अंबिकापुर,11 नवम्बर 2024 (घटती-घटना)। इस्कॉन अंबिकापुर प्रचार केंद्र द्वारा भव्य गिरिराज गोवर्धन अन्नकूट महोत्सव का आयोजन दुर्गा बाड़ी, देवीगंज रोड में किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में रायपुर और अंबिकापुर के इस्कॉन के भक्तों ने साथ मिलकर हरिनाम संकीर्तन किया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय बन गया। संकीर्तन के साथ भगवान गिरिराज गोवर्धन एवं गौर-निताई का अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान मंत्रोच्चारण के बीच भगवान को दूध,दही,घी,शहद और अन्य पवित्र सामग्रियों से स्नान करवाया गया, जिससे उपस्थित भक्तों ने अपार आनंद का अनुभव किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में इस्कॉन अंबिकापुर के प्रभारी दयानिधि दास ने गोवर्धन लीला पर विशेष प्रवचन दिया। उन्होंने इस दिव्य कथा का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी बाल्यावस्था में इंद्रदेव के अहंकार को समाप्त करने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी अंगुली पर उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा की। प्रभुजी ने गोवर्धन लीला से मिलने वाली शिक्षा के विषय में बताया। उत्सव में गोवर्धन परिक्रमा का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान गोवर्धन की परिक्रमा की। इस दौरान भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण किया और भक्ति में लीन होकर संकीर्तन किया। इसके बाद गोवर्धन पर्वत पर 121 प्रकार के भोगों का अन्नकूट अर्पण किया गया, जिसमें भक्तों ने प्रेम पूर्वक भगवान को विविध व्यंजनों का भोग अर्पित किया। महोत्सव में महा आरती का भी आयोजन किया गया। जिसमें सभी भक्तों ने एकजुट होकर भगवान की आरती की और उनकी दिव्यता का अनुभव किया। महा आरती के समय पूरा माहौल भक्तिरस में सराबोर हो गया, और श्रद्धालुजन मंत्रों की गूंज के साथ भाव-विभोर होकर भगवान के प्रति अपनी आस्था और भक्ति व्यक्त करते नजर आए। इस अवसर पर कार्तिक मास के विशेष महत्व को ध्यान में रखते हुए भगवान दामोदर हेतु दीपदान का भी आयोजन किया गया। इस्कॉन प्रचार केंद्र द्वारा श्रद्धालुओं के लिए घृत दीपकों की नि:शुल्क व्यवस्था की गई थी, जिनसे दीप जलाकर भक्तों ने अपनी भक्ति और समर्पण का परिचय दिया। दीपदान का यह दृश्य अत्यंत मनमोहक और पवित्र था, जिसमें सैकड़ों दीपक भगवान के चरणों में अर्पित किए गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur