बिश्रामपुर,03 नवम्बर 2024 (घटती-घटना)। दीपावली की रात दोस्त के साथ शराब भट्ठी पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उसकी लाश एक अनुपयोगी कुएं में मिली। मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करंजी निवासी 33 वर्षीय विन्सेंट आगोस लुकस पिता किशोर कुमार लुकस बिश्रामपुर आरटीआई कॉलोनी के समीप रेलवे के सब स्टेशन में ठेका कर्मी के पद पर कार्यरत था।
31 अक्टूबर की रात ड्यूटी खत्म होने पर रात 9 बजे एक मित्र के साथ वह ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर में स्थित कंपोजिट शराब दुकान में शराब पीने आया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन रात से ही उसे फोन लगाकर उसकी जानकारी लेने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं होने से सुबह खोजने उसके ड्यूटी स्थल पहुंच गए। कार्यस्थल और उसके अन्य संभावित ठिकानों पर उसके नहीं मिलने पर परिजन ने बिश्रामपुर थाने पहुंचकर विन्सेंट के लापता होने की सूचना दी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि शराब भट्ठी के पास सडक़ किनारे एक स्कूटी और मोबाइल लावारिस हालत में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर परिजन के साथ पहुंची और स्कूटी क्रमांक सीजी 16 सीबी 6644 व मोबाइल की तस्दीक कराई तो पता चला कि वाहन-मोबाइल विन्सेंट का ही है। इसी दौरान झाडिय़ों के बीच अनुपयोगी कुएं में डीडीआरएफ टीम के सदस्यों ने कैमरा डालकर देखा तो विन्सेंट का शव दिखा। इसके बाद शव को निकालकर जांच करने के बाद पीएम कराकर परिजन को सौंप दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur