अंबिकापुर,21 अक्टूबर 2024 (घटती-घटना)। मामूली सी बात पर नाराज होकर युवक ने दोस्त की पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से जख्मी युवक की मौत इलाज के दौरान रायपुर डीकेएस अस्पताल में हो गई थी। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 8 अगस्त को जगदेव सारथी की पिटाई उसके दोस्त संजय एक्का ने कर दी थी। इससे जगदेव गंभीर रूप से आहत हो गया था। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रायपुर रेफर कर दिया था। यहां इलाज के दौरान 16 अगस्त को रायपुर डीकेएस अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने पीएम रिपोर्ट व परिजन के बयान के आधार पर आरोपी संजय उर्फ अमरेश एक्का निवासी नया बांध बिरिमकेला बतौली हाल मुकाम श्रीगढ़ अंबिका गैरेज के पीछे थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी व मृतक की दोस्ती थी। दोनों पल्लेदारी का काम करते थे और खाना एक साथ बैठकर खाते थे। घटनादिवस मृतक एवं आरोपी बिरयानी लेकर आए थे। इसके बाद आरोपी संजय एक्का शराब लेने चला गया। वापस आया तो देखा की सारा बिरयानी मृतक खा गया था। इस बात से नाराज होकर उसकी पिटाई कर दी थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur