बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के महाराजगंज समिति में प्रबंधक था मृतक, साथ लौट रहे चांदो समिति प्रबंधक की हालत नाजुक

अंबिकापुर,29 मई 2024 (घटती-घटना)। बलरामपुर रामानुजगंज जिले से कई समिति प्रबंधक हाईकोर्ट गए थे। हाईकोर्ट से काम निपटने के बाद महाराजगंज समिति प्रबंधक दीपक मिंज अपने साथी चांदो समिति प्रबंधक फिरोज अंसारी के साथ बलेनो कार से वापस लौट रहे थे। अंबिकापुर पहुंचने से करीब 4 किमी पहले सामने से आ रहे ट्रक से उनकी रात 9 बजे जबरदस्त भिडं¸त हो गई। हादसे में दीपक मिंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची मणिपुर पुलिस द्वारा दोनों को अस्पताल ले जाया गया। यहां फिरोज की हालत नाजुक है। दीपक की शादी 23 मई को हुई थी, जबकि 24 मई को रिसेप्शन था। दीपक रामानुजगंज से लगे ग्राम आरागाही का रहने वाला था। घटना से पूरे जिले के समिति प्रबंधकों में शोक की लहर है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत दीपक की पत्नी सुष्मिता किरण एक्का सहकारिता निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी हाथों की मेंहदी भी नहीं छुटी थी और उनका सुहाग उजड़ गया। इस घटना से वह सदमे में हैं। हाईकोर्ट गए समिति प्रबंधकों ने बताया कि फूड ऑफिसर द्वारा जिले के सभी समिति प्रबंधकों पर लगातार भारी दबाव बनाया जा रहा था। समिति प्रबंधकों का कहना है कि धान का उठाव जीरो हो चुका था, परंतु लंबे समय तक उठाव नहीं होने कारण सभी बोरा में सुखती 1- 3 किलो हो गया था। इसकी भरपाई के लिए दबाव बनाया जा रहा था,इसी वजह से वे हाई कोर्ट गए थे। जिला खाद्य अधिकारी के द्वारा जिस प्रकार से पूरे जिले के समिति प्रबंधकों में भारी दबाव बनाया गया। इसे लेकर उनमें भारी आक्रोश है। बुधवार को 49 धान उपार्जन केंद्र व 37 समितियां घटना के शोक में बंद रखी गई हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur