अंबिकापुर,25 मई 2024 (घटती-घटना)। अंबिकापुर सूरजपुर जिले के विश्रामपुर रेलखंड में बीती रात अंबिकापुर के एक 21 वर्षीय युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब मृतक के परिजन उसे खोजते पहुंचे तो उसकी शिनाख्त अंबिकापुर निवासी व्यवसायी आकाश विश्वकर्मा के रूप में हुई। घटना जयनगर थानाक्षेत्र की है।
मिली जानकारी अनुसार, अंबिकापुर-विश्रामपुर रेलवे ट्रेक पर महावीरपुर में पोल क्रमांक 1041/4-5 के पास बीती रात युवक ने ट्रेक में लेटकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को सुबह अंबि कापुर-जबलपुर एक्सप्रेस के लोको पायलट ने ट्रेक पर शव पड़ा देखा और सूचना अंबिकापुर आरपीएफ को दी। सूचना पर आरपीएफ अंबिकापुर एवं जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की शिनाख्त अंबिकापुर के गांधीनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8,फुंदुरडिहारी निवासी आकाश विश्वकर्मा 21 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आकाश विश्वकर्मा रात करीब 9.30 बजे घर से खाना खाकर पास में स्थित दुकान में सोने जाने के नाम से निकला था। वह अपना मोबाइल भी बंद कर घर में ही छोड़ आया था। परिजन सुबह से उसकी तलाश कर रहे थे। उन्हें रेलवे ट्रेक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली तो परिजन मौके पर पहुंचे एवं आकाश विश्वकर्मा की शिनाख्त कर ली। मृतक आकाश के पिता सुनील विश्वकर्मा ने बताया कि आकाश के आत्महत्या करने का कारण उन्हें भी समझ में नहीं आ रहा है। बीती रात जब वह घर से निकला तो सामान्य था। उसकी गाड़ी भी घर में खड़ी है। आशंका है कि वह आटो से स्टेशन तक आया था। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur