अंबिकापुर,22 मई 2024 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बुधवार की सुबह हुई शॉट-सर्किट की घटना के बाद जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक की। इस बैठक में अस्पताल की ओर से मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. रामणेश मूर्ती एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर्या मौजूद थे। उन्हें घटनाओं की जानकारी देते हुए अम्बिकापुर के महापौर डॉ. अजय तिर्की ने अस्पताल में फायर और इलेक्टि्रक ऑडिट के विषय में पूछा, साथ ही उन्होंने अस्पताल स्टाफ विशेषतया एमसीएच वार्ड के चिकित्सकों एवं स्टाफ द्वारा बदसलूकी का मुद्दा उठाया। जांच के दौरान अपने स्वयं के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने यह शिकायत की कि जांच के दौरान पुरुष शल्य वार्ड के नर्सों ने स्वयं उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया, जबकि वे इस अस्पताल में लंबे समय तक कार्यरत थे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से यह जानकारी मांगी कि पूर्व उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के रहते हुए फायर फाईटिंग और विद्युत केबलिंग के लिये 50-50 लाख रुपय एवं मुख्य अस्पताल भवन एवं एमसीएच भवन के मध्य ओव्हरब्रिज के लिये 1 करोड़ से अधिक की राशि का उपयोग अभी तक क्यों नहीं हुआ है। इसका जवाब देते हुए अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि टीएस सिंहदेव के कार्यकाल से संबंधित उपरोक्त सभी फंड अस्पताल को प्राप्त हो चुके हैं, और विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभागों में विद्युत और फायर आडिटिंग के लिए कई बार पत्राचार किया जा चुका है, किंतु उनकी ओर से कार्यवाही नहीं होने से यह काम लंबित पडा हुआ है। अस्पताल प्रबंधन ने स्टाफ की बदसलूकी की शिकायत पर यह आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही स्टाफ के व्यवहार को सुधारने के लिये विहैबियर क्लॉस प्रारंभ करेंगे। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि बदसलूकी की शिकायतों पर जांच कर कारवाई की जायेगी। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता,महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी, अनूप मेहता, आशीष वर्मा,अविनाश कुमार,गीता प्रजापति,चंद्रप्रकाश सिंह,सतीश बारी,प्रीति सिंह,चंचल सांडिल्य, केदार यादव मौजूद थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur