अंतर्राष्ट्रीय मातृत्व दिवस पर सरगुजा पुलिस द्वारा रेंज स्तर मातृत्व सम्मान समारोह का किया गया आयोजन
अंबिकापुर,12 मई 2024 (घटती-घटना)। अंतर्राष्ट्रीय मातृत्व दिवस के अवसर पर रविवार को कामोदा विहार में सरगुजा पुलिस द्वारा रेंज स्तर मातृत्व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईजी अंकित गर्ग रहे। इस दौरान अपना सर्वस्व न्योछावार कर उच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद जवानों की माताओं ने कार्यक्रम के दौरान अपने शहीद सपूतों को याद किया। इस दौरान कार्यक्रम में शहीद परिवार की माताओं को शाल श्रीफल देकर सम्मनित किया गया। साथ ही शिक्षा एवं खेलकूद में अव्वल आए पुलिस परिवारों के बच्चों की माताओं को भी सम्मानित किया गया। शहीद आरक्षक अमरदीप खलखो की माता अनिमा खलखो ने कहा कि उनका परिवार काफी कठनाई में भी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दी, शहीद आरक्षक अमरदीप खलखो ने अपने युवा अवस्था में पुलिस विभाग में अपनी सेवा देने की इच्छा जताई थी, जिस पर परिवार ने सहमति दी, पुलिस विभाग में भर्ती होने के बाद मेरे बच्चे की पोस्टिंग सुकमा में हुई। सेवा के दौरान नक्सली मुठभेड़ में 21 मार्च 2020 को वीर शहीद अमरदीप खलखो ने सर्वोच्च बलिदान देकर शहीद हुए, मैंने उस परिस्थिति में भी हिम्मत रखकर आज इस कार्यक्रम में शामिल हुई हूं। शहीद परिवार को आप जैसे कई पुत्र मिले हैं जो हमें हर समय याद करते हैं।
आईजी अंकित गर्ग ने अंतर्राष्ट्रीय मातृत्व दिवस के अवसर पर कहा कि मातृत्व दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सरगुजा रेंज से आए हुए सभी पुलिसकर्मियों के परिवारों का स्वागत एवं सम्मान करता हू, मां और उनके मातृत्व के सम्मान के लिए किसी विशेष दिन की आवश्यकता नहीं हैं। मां कि भूमिका बताने के लिए शदों की कोई आवश्यकता नहीं हैं, माँ और संतान के बीच सबसे निश्छल और पवित्र रिश्ता होता है, जो दुनिया में सबसे अनमोल और खूबसूरत है। मशहूर चित्रकार लियोनार्डो ने कहा था मां एक जीता जगता चमत्कार हैं, और ये चमत्कार भगवान ने मां के रूप में अपने बच्चों के लिए भेजा है। पुलिस विभाग में ड्यूटी की कोई सीमा नहीं है। 24 घंटे ड्यूटी होती है, पुलिस परिवार के सदस्य जानते हैं कि ड्यूटी कितनी कठिन है। पिता विभाग के कार्यों एवं अन्य सेवा में तैनात रहते हैं। उस स्थिति में मां को पिता के कर्तव्यों का भी निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे सुखद दिन में आप सभी माताओं का सम्मान करना गर्व की बात है। एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि 1914 में विश्व मातृत्व दिवस कि शुरुवात हुई है। तब से आज तक लगातार विश्व मातृत्व दिवस मनाया जा रहा है। मातृत्व दिवस पर या अन्य दिनों में भी मां के बारे में कुछ भी बताने या अभिव्यक्त करने की अवश्यकता नहीं है। घर पहली पाठशाला और मां उस पाठशाला की प्रधानपाठक होतीं हैं। जहां से हम इस दुनिया की पहली परिचय प्राप्त करते हैं, माँ की वजह से ही प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में सर उठकर जीते हैं। आज इन्हीं माताओं की वजह से पुलिस परिवार के बच्चे आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस विभाग को गौरवान्वित कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान संभागीय सेनानी राजेश पाण्डेय,पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट सचिन्द्र चौबे,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों,नगर पुलिस अधीक्षक रोहित कुमार शाह, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी, कार्यक्रम संयोजक सुरेन्द्र वर्मा, अध्यक्ष डॉ. इति चतुर्वेदी हार्मोनी सेवा समिति, संतोष वर्मा, सुजित चतुर्वेदी सहित सरगुजा रेंज के समस्त जिलों से आए पुलिस परिवार की माताएं एवं सदस्य, सहित काफी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur