अंबिकापुर,17 मार्च 2024 (घटती-घटना)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एसपी ने रविवार को को-ऑर्डिनेशन सेंटर में पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन को पालन कराने,आगामी होली त्यौहार के पूर्व पुलिस टीम को आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउण्ड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ताकि होली व चुनाव में शांति कायम रहे। एसपी ने थाना-चौकी प्रभारियों को कहा कि लंबित अपराध, लंबित शिकायत गुम इंसान, मर्ग जांच, शिकायत जांच की समीक्षा के साथ-साथ लंबित मामलों के निराकरण करें। साथ ही टीम गठित कर थाने में अधिक से अधिक समंस-वारण्ट तामिली करने के भी निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने थानों से बीसी रोल एवं एसएस रोल संधारण की जानकारी ली और उन्हें आगामी चुनाव एवं त्यौहार के मद्देनजर थाना क्षेत्र में आने-जाने वाले मुसाफिरों की प्रतिदिन की सूची तैयार करने और पुलिस टीम द्वारा संदेहियों के फिंगरप्रिन्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान समस्त थाना-चौकी प्रभारियों से नये गुंडा बदमाश एवं निगरानी बदमाश खोलने की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही जो गुण्डा निगरानी बदमाश समय के साथ आपराधिक कृत्य से दूर हो चुके हैं ऐसे व्यक्तियों कों माफी बदमाश की सूची में दर्ज करने हेतु प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। गुण्डा बदमाश एवं निगरानी बदमाशों की सूची को अद्यतन कर जिलाबदर एवं एनएसए की कार्रवाई किए जाने के लिए निर्देशित किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur